उत्तरकाशी: खराब मौसम के बीच फंसे 136 ट्रेकर्स, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, अब तक 21 सुरक्षित निकले

ओंकार बहुगुणा

28 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 28 2026 12:48 PM)

Uttarkashi News: उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद 136 पर्वतारोही और ट्रेकर्स फंस गए. मौसम साफ होने पर प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू शुरू किया है. अलग-अलग बेस कैंप में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है. प्रशासन के मुताबिक सभी टीमों से संपर्क बना हुआ है और स्थिति पर नजर है.

उत्तरकाशी में फंसे 136 पर्वतारोहियों को निकालने की तैयारी
उत्तरकाशी में फंसे 136 पर्वतारोहियों को निकालने की तैयारी
Google CTA

Uttarkashi Trekker Rescue News: उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बीते दो दिनों से खराब मौसम के कारण पर्वतारोहण और ट्रैकिंग अभियान में दिक्क्त क सामना करना पड़ रहा है. जिले में लगातार हो रही बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के चलते अलग-अलग रूट पर गए 136 पर्वतारोही और ट्रेकर्स ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंस गए थे. हालांकि अब मौसम साफ होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. सोमवार सुबह से ही हेलीकॉप्टर के जरिए सभी को सुरक्षित निकालने का काम जारी है. राहत की बात है कि प्रशासन का सभी टीमों से संपर्क बना हुआ है और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

Read more!

जानकारी के अनुसार, फंसे हुए लोगों में हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य शामिल हैं. इसके अलावा कालिंदी पास बेस कैंप में 18 ट्रेकर्स और ऑडन कोल पास बेस कैंप में 29 लोग मौजूद हैं. लगातार गिरती बर्फ के कारण इन इलाकों से वापस नीचे लौटने वाले रास्ते बहुत ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो चुके हैं, जिससे पैदल चलने में मुश्किल हो रही है. वही मोर्चा संभाले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने फोन पर जानकारी दि की अभी तक 21 ट्रेकर्स को सकुशल निकाला जा चुका है.

राहत और बचाव दल किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह मुस्तैद

खराब मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पूरे आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है. पहाड़ियों पर मौजूद सभी दलों की पल-पल की लोकेशन पर नजर रखी जा रही है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और वन विभाग की टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन की पहली प्राथमिकता हर एक सदस्य को सुरक्षित नीचे लाने की है, जिसके बाद सभी की डॉक्टरी जांच भी की जा रही है.

रविवार को गोमुख-तपोवन मार्ग से 121 लोग सुरक्षित निकाले गए

इससे पहले रविवार को गोमुख-तपोवन क्षेत्र में खराब मौसम के बीच फंसे 121 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. गंगोत्री नेशनल पार्क की साहसी टीम ने तेज बर्फबारी के बीच ही यह कठिन अभियान चलाया और सभी को सुरक्षित गंगोत्री तक पहुंचाया. बर्फीले इलाकों में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन अब किसी भी गतिविधि को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है और आज की कार्रवाई हवाई जायजे पर निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें: नालापानी चौक पर महिला को कार में बैठाने की कोशिश, पुलिस ने 19 साल की चाहत को किया अरेस्ट, जानें उसने क्यों रची थी ये साजिश?