इंटरनेट बंद, गांव बना छावनी... विकासनगर में हिंदू युवक की मौत के बाद बवाल, इस वजह से शुरू हुआ था विवाद

Bairagiwala village news: उत्तराखंड के विकासनगर के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. एक युवक की मौत के बाद गांव में तनाव फैल गया. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है.

विकासनगर में हिंसक झड़प में युवक की मौत
विकासनगर में हिंसक झड़प में युवक की मौत

टीना साहू

follow google news

Vikas Nagar Violence: विकासनगर के बैरागीवाला गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प ने अब एक बड़ा रूप ले लिया है. इस घटना में एक हिंदू युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों के ध्वस्तीकरण की मांग को लेकर जबरदस्त हंगामा किया. स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने इलाके में एहतियातन इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद कर दी है. मामले में पुलिस ने अब तक 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Read more!

इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो दिख लाठी-डंडों से लैस लोग गांव की गलियों में एक-दूसरे पर हमला करते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान चारों तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल है. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. वहीं पुलिस अब इसी वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है.

पहले जानिए क्यों शुरू हुआ विवाद?

पुलिस के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी. कहासुनी के बाद देखते ही देखते ये बातचीत हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एक हिंदू युवक विनोद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस हमले में एक महिला समेत तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में उबाल आ गया.

भीड़ ने आरोपियों के घरों में की आगजनी

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही हंगामा शुरू कर दिया. भीड़ ने आरोपियों के घर पर पथराव किया और एक घर को आग के हवाले कर दिया. प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर तत्काल बुलडोजर चलाया जाए. 

नेशनल हाईवे पर लगाया जाम, भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे को भी कई घंटों तक जाम रखा. हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश है और इसे मॉब लिंचिंग करार दिया गया है. गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया है. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को काबू में रखने की कोशिश की.

विधायक मुन्ना चौहान ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा विधायक मुन्ना चौहान पहले घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और फिर सीधे पीड़ित परिवार से मिलने बैरागीवाला गांव पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस के आला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. विधायक ने पुलिस को आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश भी दिए हैं.

एसपी पंकज गैरोला का बयान और पुलिस की कार्रवाई

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि विवाद की जड़ खेत का पानी था जिसके बाद कुछ लोगों ने विनोद नाम के युवक की हत्या कर दी और अन्य पर जानलेवा हमला किया. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धड़पकड़ के लिए दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सबसे बड़ा सबूत है और जल्द ही सभी दोषी सलाखों के पीछे होंगे. फिलहाल गांव में पुलिस की गश्ती जारी है.

    follow google news