VIDEO: रामनगर में दिनदहाड़े बाघ का हमला, घोड़े को दबोचकर जंगल में ले गया

लीला सिंह बिष्ट

• 09:12 AM • 18 Aug 2026

Corbett Tiger Attack Video: राम नगर के गर्जिया झूलापुल इलाके में दोपहर दो बजे एक बाघ ने दिनदहाड़े घोड़े पर हमला कर दिया. लोगों की मौजूदगी के बीच हुई इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Google CTA

Ramnagar Tiger Video: राम नगर फॉरेस्ट डिवीजन की कोसी रेंज से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ गर्जिया के पास झूलापुल इलाके में दोपहर करीब दो बजे एक बाघ ने घोड़े को अपना शिकार बना लिया. दिन के उजाले में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में रहने वाले लोगों को सदमे में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघ घोड़े को अपने मजबूत जबड़ों में दबाकर जंगल की तरफ खींचता हुआ ले जा रहा है. जिस वक्त यह पूरी वारदात हुई, उस समय आसपास कई लोग मौजूद थे. वीडियो में लोगों की घबराई हुई आवाजें भी साफ सुनी जा सकती हैं.

Read more!

आवाजाही वाले इलाके में फैली दहशत

गर्जिया का झूलापुल क्षेत्र ऐसा इलाका है जहाँ स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है. ऐसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दोपहर के समय बाघ का अचानक आ जाना और बेखौफ होकर शिकार करना सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है. इस घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में गहरा डर बैठ गया है.

स्थानीय निवासियों का मानना है कि जिस जगह बाघ देखा गया, वहाँ हर समय लोगों की आवाजाही रहती है. आबादी वाले क्षेत्रों के इतने करीब बाघ की ऐसी चहलकदमी से इंसानों और वन्यजीवों के बीच टकराव का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ गया है. लोग अब अपने घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं.

सुरक्षा को लेकर चिंता में लोग

दिन के उजाले में घटी यह घटना साफ इशारा करती है कि जंगल के जानवर अब इंसानी बस्तियों के बेहद करीब पहुँच रहे हैं. कैमरे में कैद हुआ यह भयानक मंजर इस बात का सबूत है कि वन्यजीवों की आबादी वाले इलाकों में मौजूदगी आने वाले दिनों में और अधिक गंभीर समस्या बन सकती है.