Chandra Grahan 2026: शनि-राहु के शिकंजे में फंसेगा चंद्रमा, इन 4 राशियों पर भारी पड़ेंगे अगले कुछ दिन!
28 अगस्त 2026 को लगने वाले साल के अंतिम चंद्र ग्रहण पर शनि और राहु के दुर्लभ संयोग का असर दिखेगा. इस कारण इन राशि के जातकों को सेहत, धन और रिश्तों के मामले में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT

1/10
28 अगस्त 2026 को इस साल का अंतिम चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है. पौराणिक कथाओं में माना जाता है कि राहु और केतु सदियों पुरानी दुश्मनी के चलते ग्रहण के दौरान चंद्रमा को अपने आगोश में लेने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि इस समय को ज्योतिषशास्त्र में बेहद नाजुक और नकारात्मक ऊर्जा से भरा माना गया है.

2/10
ज्योतिष शास्त्र के जानकारों की मानें तो इस बार का चंद्र ग्रहण कई मायनों में बेहद खास और संवेदनशील रहने वाला है. ग्रहण के वक्त चंद्रमा अपने धुर विरोधी शनि देव की राशि कुंभ में रहेंगे. इतना ही नहीं, नक्षत्र भी राहु का यानी 'शतभिषा' रहेगा. शनि और राहु का यह double प्रभाव चंद्रमा को पूरी तरह अपने घेरे में ले लेगा, जिसका असर देश-दुनिया से लेकर हमारी आपकी जिंदगी पर भी देखने को मिल सकता है.

3/10
ग्रहों के इस उलझाव का असर आम आदमी की दिनचर्या और सेहत पर साफ दिख सकता है. लोगों में बेवजह की घबराहट, मानसिक तनाव और मन में नकारात्मक ख्याल आ सकते हैं. स्वास्थ्य के लिहाज से देखें तो सीने और फेफड़ों से जुड़ी तकलीफें बढ़ सकती हैं, साथ ही माता की सेहत को लेकर चिंता बनी रह सकती है. इतना ही नहीं, घरों में अनबन, रिश्तों में गलतफहमी और जमीन या गाड़ी से जुड़ी परेशानियां भी सिर उठा सकती हैं.

4/10
ज्योतिषीय गणना के अनुसार यह ग्रहण मुख्य रूप से चार राशि वालों की परीक्षा ले सकता है, जिनमें पहली कर्क राशि है. कर्क राशि के स्वामी खुद चंद्रमा हैं, इसलिए इस राशि के जातकों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना होगा. सिरदर्द, आंखों में तकलीफ और ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं. धन के मामले में थोड़ा सतर्क रहें और किसी भी तरह की गलत संगति से दूरी बनाकर रखें.

5/10
दूसरी प्रभावित राशि सिंह है. इस राशि के जातकों के बेवजह के खर्चे बढ़ सकते हैं, जिससे मानसिक परेशानी होगी. अपनी बोली पर थोड़ा कंट्रोल रखें, वरना घर-परिवार में बने बनाए रिश्ते बिगड़ सकते हैं. नौकरी और कारोबार में भी काम का दबाव थोड़ा ज्यादा रहने वाला है.

6/10
तीसरी राशि वृश्चिक की बात करें तो सेहत में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आपको अपने जीवनसाथी और बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता सता सकती है. पैसे से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें और अपने दफ्तर या काम की जगह पर संयम से काम लें.

7/10
चौथी राशि मीन है, जिन्हें इस दौरान किसी भी तरह का बड़ा फैसला लेने से बचना चाहिए. इस समय निवेश करना या किसी को उधार देना नुकसानदायक साबित हो सकता है. काम-काज में कुछ रुकावटें आ सकती हैं और मनचाही सफलता के लिए थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी. अपने गुस्से पर काबू रखें और किसी भी बहस से दूर रहें.

8/10
अब सवाल उठता है कि आखिर राहु-केतु हमेशा चंद्रमा के पीछे क्यों पड़े रहते हैं? इसके पीछे समुद्र मंथन से जुड़ी एक प्रचलित कथा है. जब देवताओं और असुरों के बीच अमृत बांटा जा रहा था, तब स्वरभानु नाम के एक दैत्य ने रूप बदलकर अमृत पी लिया था. सूर्य और चंद्रमा ने उसकी यह चालाकी पकड़ ली और भगवान विष्णु को बता दिया. विष्णु जी ने तुरंत अपने सुदर्शन चक्र से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. सिर वाला हिस्सा 'राहु' बना और धड़ 'केतु'. इसी पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए राहु-केतु हर पूर्णिमा पर चंद्रमा को निगलने का प्रयास करते हैं.

9/10
अब बात करते हैं ग्रहण के समय की. यह चंद्र ग्रहण कुल 5 घंटे 39 मिनट का होगा. 28 अगस्त की सुबह 06 बजकर 53 मिनट पर ग्रहण की शुरुआत होगी और दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर यह समाप्त होगा.

10/10
अच्छी बात यह है कि भारतीय समयानुसार यह ग्रहण दिन के समय लग रहा है, जिसके कारण यह भारत में दिखाई नहीं देगा. जब ग्रहण दृश्यमान ही नहीं होगा, तो भारत में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा और न ही कोई धार्मिक नियम या पाबंदी लागू होगी.
{Disclaimer: यह खबर ज्योतिष पर आधारित है. ज्योतिष पर आधारित मान्यताओं की न्यूज तक(newstak.in) पुष्टि नहीं करता है.}
