डिप्रेशन के लिए कौन से ग्रह जिम्मेदार ? शनि के प्रभाव वाला अवसाद कैसा होता है ?
ज्योतिषी शैलेंद्र पांडे के अनुसार अवसाद या डिप्रेशन के पीछे चंद्रमा, बुध, शनि और राहु की भूमिका क्या होती है और इससे बचाव के क्या उपाय बताए गए हैं, जानें विस्तार से.
ADVERTISEMENT

मानसिक अवसाद यानी डिप्रेशन को लेकर ज्योतिष का नजरिया क्या कहता है ? इस पर 'किस्मत कनेक्शन' कार्यक्रम में ज्योतिषी शैलेंद्र पांडे ने विस्तार से चर्चा की. उनके अनुसार, जीवन में अवसाद के हालात बनने और उससे बाहर निकलने में ग्रहों की स्थिति और दशा की अहम भूमिका मानी जाती है.
अवसाद के लिए कौन से ग्रह जिम्मेदार ?
चंद्रमा: शैलेंद्र पांडे के मुताबिक, चंद्रमा को मन का स्वामी माना गया है और अवसाद में इसकी सबसे बड़ी भूमिका होती है. कुंडली में चंद्रमा काफी कमजोर, दूषित या अस्त होने पर डिप्रेशन की संभावना बन सकती है.
बुध: बुध को बुद्धि और सोचने-समझने की क्षमता का कारक बताया गया है. वीडियो में इसे डिप्रेशन के रेगुलेटर के रूप में उल्लेख किया गया है, जो स्थिति को नियंत्रित करने या बढ़ाने से जुड़ा होता है. बताया गया कि यदि चंद्रमा कमजोर हो, लेकिन बुध ठीक हो, तो व्यक्ति अवसाद से बाहर निकल सकता है, जबकि दोनों के गड़बड़ होने पर स्थिति अधिक कठिन हो सकती है.
शनि, राहु और सूर्य: जब शनि, राहु या सूर्य का प्रभाव चंद्रमा पर पड़ता है या राहु-केतु का अक्ष चंद्रमा पर होता है और खराब दशा आती है. ऐसे में अवसाद की स्थिति उभर सकती है.
शनि और राहु से जुड़े प्रभावों में अंतर
वीडियो में बताया गया है कि शनि से जुड़ा अवसाद कभी-कभी व्यक्ति को आध्यात्म या साधना की ओर ले जा सकता है. वहीं, राहु से जुड़ा प्रभाव काल्पनिक चिंताओं और बिना किसी ठोस आधार के काल्पनिक बीमारियों की भावना पैदा कर सकता है. इसके विपरीत, बृहस्पति के शुभ प्रभाव से अवसाद से बाहर निकलने में मदद मिल सकती है.
बस ग्रहों के भरोसे न रहें
शैलेंद्र पांडे ने ये साफ किया कि डिप्रेशन की स्थिति में किसी मनोचिकित्सक या डॉक्टर से संपर्क करना बेहद जरूरी है, क्योंकि मस्तिष्क के न्यूरॉन्स और रसायनों से जुड़ी समस्याओं में चिकित्सकीय सलाह और दवाइयों से लाभ मिलता है. इसके साथ ही कुछ उपाय भी किया जा सकता है-
- आसन, प्राणायाम, शारीरिक व्यायाम और सात्विक आहार अपनाना.
- अंधकार से बचकर पर्याप्त रोशनी में रहना और सुबह स्नान के बाद सूर्य को जल अर्पित करना.
- दिन में एक केला खाने और सुबह-शाम 108 बार गायत्री मंत्र के जप का सुझाव.
- रत्नों को लेकर कहा गया कि सलाह के बाद पीला पुखराज या पन्ना धारण किया जा सकता है, जबकि तेज डिप्रेशन की अवस्था में मोती पहनने से बचना चाहिए.
- क्रोध की स्थिति में दाहिने हाथ के अंगूठे में चांदी का छल्ला पहनने का सुझाव भी साझा किया गया.
