अभिषेक झा ने रद्द की प्रेस कॉन्फ्रेंस, सम्राट चौधरी और संजय झा से फोन पर हुई बात, 5 नवंबर पर टिकी नजरें

बिहार MLC चुनाव में हार के बाद JDU नेता अभिषेक झा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा से फोन पर बातचीत के बाद अब वह 5 नवंबर को पार्टी की समीक्षा बैठक में अपनी बात रखेंगे. उनके अगले सियासी कदम को लेकर अटकलें तेज हैं.

ADVERTISEMENT

Abhishek jha news
Abhishek jha news
Google CTA

बिहार विधान परिषद चुनाव में हार के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर नाराजगी के संकेत मिलने लगे हैं. तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी रहे अभिषेक झा ने चुनाव परिणाम आने के बाद एनडीए के भीतर चक्रव्यूह रचे जाने की बात कहकर सियासी हलचल बढ़ा दी थी. इस बीच सोमवार को होने वाली उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द हो गई है. अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

अभिषेक झा ने खुद दी जानकारी

अभिषेक झा ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा से उनकी फोन पर बातचीत हुई है. इस दौरान उन्होंने चुनाव और पार्टी से जुड़े अपने सभी विचार दोनों नेताओं के सामने विस्तार से रखे हैं.

5 नवंबर की बैठक में रखेंगे अपनी बात

अभिषेक झा के मुताबिक, आगामी 5 नवंबर को जेडीयू प्रदेश कार्यालय में एमएलसी चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि उनके मन में कई तरह के भाव हैं, जिन्हें वह पूरी साफगोई के साथ अपनी पार्टी और अपने नेता के सामने रखेंगे. उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार मीडिया के साथियों के फोन आ रहे थे और इंटरव्यू के लिए संपर्क किया जा रहा था. सोमवार को उन्होंने पत्रकारों को अपने आवास पर बुलाया था, लेकिन मुख्यमंत्री और संजय झा से बातचीत के बाद उन्होंने फिलहाल मीडिया से बातचीत टालने का फैसला किया है. अभिषेक झा ने स्पष्ट किया कि अब 5 नवंबर की समीक्षा बैठक के बाद ही वह प्रेस और मीडिया के साथियों से बात करेंगे. ऐसे में इस बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं. सवाल यह भी है कि क्या अभिषेक झा पार्टी के भीतर अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे या कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेंगे?

अभिषेक झा के साथ आनंद पुष्कर भी नाराज

एमएलसी चुनाव में हार के बाद सिर्फ अभिषेक झा ही नहीं, बल्कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के प्रत्याशी रहे आनंद पुष्कर की नाराजगी की भी चर्चा है. दोनों नेता सोमवार को एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे. हालांकि, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा से अभिषेक झा की बातचीत के बाद फिलहाल यह प्रेस कॉन्फ्रेंस टाल दी गई है. आनंद पुष्कर पूर्व एमएलसी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के वरिष्ठ नेता रहे केदारनाथ पांडेय के पुत्र हैं. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज को 4,965 वोट मिले, जबकि आनंद पुष्कर को 3,150 मतों से संतोष करना पड़ा.


तिरहुत में अभिषेक झा को मिले 22,685 वोट

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर ब्रजवासी ने 31,832 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. वहीं, जेडीयू के अभिषेक झा को 22,685 वोट मिले. इस तरह उन्हें 9,147 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा. गौर करने वाली बात यह भी है कि 2024 में तिरहुत स्नातक सीट पर हुए उपचुनाव में भी अभिषेक झा को हार मिली थी. लगातार दूसरी हार के बाद इस बार उनकी ओर से एनडीए के भीतर चक्रव्यूह रचे जाने का आरोप और फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने के फैसले ने जेडीयू की सियासत को चर्चा में ला दिया है.

 5 नवंबर को होने वाली समीक्षा बैठक पर नजर 

अब देखना होगा कि 5 नवंबर को होने वाली समीक्षा बैठक में अभिषेक झा और आनंद पुष्कर अपनी नाराजगी किस तरह सामने रखते हैं. क्या पार्टी नेतृत्व उनकी बातों को गंभीरता से लेगा या फिर चुनावी हार के बाद जेडीयू के भीतर असंतोष और बढ़ेगा? इन सवालों के जवाब समीक्षा बैठक के बाद ही सामने आएंगे.