FIR पर अनंत सिंह ने दिया बड़ा बयान, नीरज कुमार पर फिर हुए उबले अनंत सिंह
बिहार MLC चुनाव के बीच पूर्व विधायक अनंत सिंह ने JDU नेता नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने नीरज कुमार को घमंडी बताते हुए हराने का दांव ठोका. इसके साथ ही अनंत सिंह ने FIR पर भी अपनी बात रखी. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
ADVERTISEMENT

बिहार की सियासत में अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और MLC उम्मीदवार नीरज कुमार पर जमकर बरसे हैं. आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव के बीच अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि सीधे तौर पर नीरज कुमार से है. उन्होंने नीरज कुमार को 'घमंडी' करार देते हुए उन्हें हर हाल में चुनाव हराने का संकल्प दोहराया है.
'मेरी लड़ाई किसी पार्टी से नहीं, सीधे नीरज जी से है'
मीडिया से बातचीत के दौरान जब अनंत सिंह से एनडीए की आठ सीटों पर चल रहे चुनाव को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक जवाब दिया. अनंत सिंह ने कहा कि हम बाकी सीटों के बारे में नहीं जानते. हम बस एक बात जानते हैं कि हमारी लड़ाई नीरज जी से है, किसी पार्टी से हमारी कोई लड़ाई नहीं है. हम जनता से अपील कर रहे हैं और भगवान से भी प्रार्थना मांग रहे हैं कि इस घमंडी आदमी को किसी भी तरह हराएं.
'बड़ा नेता बनने के लिए मुझे 18 साल तक दी गाली'
नीरज कुमार पर अपनी भड़ास निकालते हुए अनंत सिंह ने बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नीरज कुमार पिछले 18 सालों से उन्हें बिना किसी वजह के निशाने पर लेते रहे हैं. अनंत सिंह के मुताबिक, 'जब मैंने उनसे पूछा कि आप मुझे इतनी गाली क्यों देते हैं, तो उन्होंने कहा कि अगर आपका नाम नहीं लेंगे तो हम छोटे नेता रह जाएंगे. हमको बड़ा नेता बनना है, इसीलिए आपका विरोध करते हैं.'
दर्ज FIR और अस्पताल में भर्ती होने पर भी ली चुटकी
नीरज कुमार के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर और उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरों पर भी अनंत सिंह ने अपने अंदाज में चुटकी ली:
- FIR पर बयान: डीएसपी से जुड़े विवाद और दर्ज मामले पर अनंत सिंह ने हंसते हुए कहा कि पहले डीएसपी साहब का नाम कम लोग जानते थे, अब एफआईआर के बाद ज्यादा लोग जानने लगे हैं.
- अस्पताल में भर्ती होने पर तंज: नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि कोई एडमिट-वडमिट नहीं है, वे सिर्फ रूटीन जांच कराने जाते हैं. दो घंटे बाद देखिएगा कि वे फिर से घूम-घूमकर वोट मांग रहे होंगे.
विजयादशमी पर युवाओं को दिया खास संदेश
बातचीत के दौरान विजयादशमी के पावन पर्व का जिक्र आने पर अनंत सिंह ने बिहारवासियों और युवाओं को अपनी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि जितने भी नवयुवक हैं, वे सब अपने माता-पिता की निस्वार्थ सेवा करें. जो अपने मां-बाप की सेवा करेगा, वह जीवन में खूब फलेगा-फूलेगा और भगवान भी उसका हमेशा ख्याल रखेंगे.
मोकामा में अनंत सिंह और जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह पर FIR, रोड शो को लेकर तीन मामले दर्ज
