अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोस रहे ट्रैफिक जवान पर कार्रवाई, पटना मुख्यालय किया गया तलब

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान वर्दी पहनकर मेहमानों को खाना परोसते नजर आए. वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने सतीश कुमार को लाइन हाजिर कर पटना मुख्यालय क्लोज कर दिया है.

ADVERTISEMENT

Anant Singh News
Anant Singh News
Google CTA

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी समारोह से सामने आए एक वीडियो ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है. वायरल वीडियो में ट्रैफिक पुलिस की वर्दी पहने एक जवान मेहमानों को खाना परोसते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद संबंधित जवान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है. जवान की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है.

ट्रैफिक ड्यूटी छोड़ शादी में खाना परोसते दिखे जवान

बताया जा रहा है कि शिवांगी की शादी के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी. इसी दौरान ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात सतीश कुमार वर्दी में शादी समारोह के अंदर मेहमानों को खाना परोसते नजर आए. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा और वीडियो का सत्यापन कराया गया.

वायरल वीडियो के बाद पटना मुख्यालय क्लोज

वीडियो के सत्यापन में बिहार गृह रक्षा वाहिनी (BHG) के जवान सतीश कुमार को निजी समारोह में वर्दी पहनकर खाना परोसते पाया गया. विभागीय आदेश के मुताबिक, जवान की निर्धारित ड्यूटी समारोह स्थल से सटे मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालने की थी. लेकिन वह अपनी निर्धारित ड्यूटी से अलग काम करते पाए गए. इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पटना जिला मुख्यालय क्लोज कर दिया गया.

विभाग ने जारी किया कार्रवाई का आदेश

पटना यातायात पुलिस की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि निर्धारित यातायात ड्यूटी के अतिरिक्त अन्य कार्य करते पाए जाने से विभाग की छवि धूमिल हुई है. इसे लापरवाही का परिचायक मानते हुए संबंधित जवान को अगले आदेश तक यातायात ड्यूटी से भी वंचित कर दिया गया है. आदेश में कारण, परीक्षण और जांच के बाद आगे अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

निजी समारोह में जाने की अनुमति को लेकर भी सवाल

जानकारी के मुताबिक, सतीश कुमार शादी समारोह में शामिल होने के लिए विभागीय अनुमति लेकर नहीं गए थे. समारोह में पहुंचने के बाद वह पुलिस की वर्दी में ही खाना परोसते नजर आए. हालांकि, विभागीय आदेश में मुख्य रूप से निर्धारित यातायात ड्यूटी छोड़कर दूसरे काम में शामिल होने और पुलिस की छवि धूमिल होने को कार्रवाई का आधार बताया गया है.

अब आगे क्या होगी कार्रवाई?

सतीश कुमार पटना यातायात पुलिस में तैनात बिहार गृह रक्षा वाहिनी के जवान थे. वायरल वीडियो के बाद उन्हें मुख्यालय क्लोज कर यातायात ड्यूटी से हटा दिया गया है. अब मामले की जांच और कारणों की समीक्षा के बाद उनके खिलाफ आगे की अनुशासनिक कार्रवाई की जा सकती है. इस घटना ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और वर्दी के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.