Anant Singh की विधायकी पर संकट! बिहार विधानसभा ने भेजा नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब
मोकामा विधायक अनंत सिंह की विधायकी को लेकर सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है. बिहार विधानसभा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है. जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग की थी.
ADVERTISEMENT

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. उनकी विधायकी पर अब खतरा मंडराने लगा है. बिहार विधानसभा की ओर से अनंत सिंह को नोटिस जारी किया गया है. इसमें उनसे 7 दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है. यह नोटिस पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप को लेकर भेजा गया है. अनंत सिंह ने सोमवार को विधानसभा की ओर से जारी नोटिस रिसीव कर लिया है.विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह की ओर से यह नोटिस जारी किया गया है. जानकारी के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. इससे पहले जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन दिया था.
उमेश कुशवाहा ने की थी कार्रवाई की मांग
दरअसल, एमएलसी चुनाव के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह की गतिविधियों को लेकर जेडीयू ने नाराजगी जाहिर की थी. पार्टी का आरोप था कि अनंत सिंह ने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार किया और दूसरे प्रत्याशी का समर्थन किया. इसी मामले को लेकर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को आवेदन सौंपा था. उन्होंने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. आवेदन के साथ पार्टी की ओर से अपने आरोपों के समर्थन में पेपर कटिंग, सीडी और कई अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए थे.
सबूतों की जांच के बाद विधानसभा से नोटिस
बताया जा रहा है कि जेडीयू की ओर से दिए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों को देखने के बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आगे की प्रक्रिया के निर्देश दिए. इसके बाद विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को नोटिस जारी किया.नोटिस में अनंत सिंह से 7 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है. अब इस मामले में उनका जवाब महत्वपूर्ण होगा. विधानसभा की ओर से भेजे गए नोटिस को अनंत सिंह ने रिसीव कर लिया है.
क्या जा सकती है अनंत सिंह की विधायकी?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर है. पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में जेडीयू ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. अब विधानसभा अध्यक्ष के स्तर पर इस मामले में आगे की प्रक्रिया चलेगी.अनंत सिंह का जवाब मिलने के बाद मामले में आगे क्या कदम उठाया जाता है, यह देखना अहम होगा. फिलहाल नोटिस जारी होने के बाद मोकामा की राजनीति में हलचल बढ़ गई है. अब सबकी नजर अनंत सिंह के जवाब और विधानसभा अध्यक्ष के अगले फैसले पर है.
इनपुट- शशिभूषण कुमार, संवाददाता
