जेडीयू ने अनंत सिंह और पत्नी नीलम देवी को पार्टी से निकाला, विधायकी रद्द करने की भी सिफारिश

बिहार MLC चुनाव में दल विरोधी गतिविधियों के आरोप में JDU ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. विधानसभा अध्यक्ष से सदस्यता रद्द करने की सिफारिश. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव की वोटिंग संपन्न होते ही सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मोकामा के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह पर अब तक का सबसे बड़ा पॉलिटिकल स्ट्राइक किया है. पार्टी ने अनुशासनहीनता और दल विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी दोनों को 6 साल के लिए जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है. इसके साथ ही जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता भी अविलंब रद्द करने की औपचारिक सिफारिश कर दी है.

प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने जारी किया पत्र

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, अनंत सिंह के खिलाफ यह कड़ा कदम कई गंभीर आरोपों के बाद उठाया गया है:

  • शीर्ष नेतृत्व का अपमान: विगत कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करना और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना.
  • JDU उम्मीदवार का विरोध: हाल ही में संपन्न हुए MLC चुनाव में जेडीयू के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध करना और उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक बयानबाजी करना.
  • विरोधी उम्मीदवार का प्रचार: जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में खुलकर रोड शो करना और उनके लिए सार्वजनिक रूप से वोट मांगना.

पत्नी नीलम देवी पर भी गाज

जेडीयू द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी इन तमाम दल विरोधी गतिविधियों में बराबर की भागीदार रहीं. इसी के मद्देनजर पार्टी ने उनकी भी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है.

MLC चुनाव में नीरज कुमार बनाम अनंत सिंह की जंग बनी वजह

बता दें कि इस MLC चुनाव के दौरान मोकामा से लेकर पटना तक अनंत सिंह और जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच जबरदस्त तनातनी देखने को मिली थी. अनंत सिंह ने मंचों से सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार को हराने का संकल्प दोहराया था और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी थी. चुनाव खत्म होते ही पार्टी ने इस अनुशासनहीनता पर कड़ा प्रहार करते हुए अनंत सिंह दंपत्ति को बाहर कर दिया है.

कद छोटा पर जज्बा बड़ा! बेगूसराय के 42 इंच के प्रोफेसर गौतम कुमार ने डाला MLC चुनाव का वोट, दिया खास संदेश