'JDU भी खत्म...' पार्टी से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह ने बता दिया JDU का भविष्य
JDU से 6 साल के लिए निष्कासित होने के बाद अनंत सिंह का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने JDU के भविष्य पर सवाल उठाते हुए अपनी नई पार्टी बनाने के संकेत दिए. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

जनता दल यूनाइटेड (JDU) से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के तुरंत बाद मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह का पहला और बेहद तीखा रिएक्शन सामने आ गया है. पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाए जाने और पत्नी नीलम देवी की विधायकी रद्द करने की सिफारिश पर अनंत सिंह ने साफ लहजे में कहा कि उन्हें इस कार्रवाई से रत्ती भर भी फर्क या गम नहीं है. उन्होंने तो यहां तक दावा कर दिया कि नीतीश कुमार के हटते ही जेडीयू का भविष्य पूरी तरह खत्म हो चुका है.
'हमें कोई गम नहीं, जनता ही असली मालिक और भगवान है'
पार्टी से निकाले जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में बेबाकी से कहा कि हमको पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं है. जनता मालिक और भगवान है, जो कार्रवाई हुई है वो बढ़िया हुआ. हमको कोई दिक्कत नहीं है. हम थोड़े न कहने गए थे कि हमको पार्टी में रखो या टिकट दो, पार्टी खुद बुलाकर टिकट दी थी.
'नीतीश जी खत्म हुए तो पार्टी भी खत्म'
जेडीयू के भविष्य पर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने बिना किसी लाग-लपेट के हमला बोला:
- JDU के वजूद पर सवाल: अनंत सिंह ने कहा, "यह पार्टी नीतीश जी की थी, अब जब नीतीश जी ही खुद नहीं रहे तो पार्टी में बचा ही क्या है? कौन योगदान वाला आदमी है जो हमको निकाला?"
- आने वाले चुनाव पर चेतावनी: उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में जेडीयू को 10 सीटों के लिए भी आफत आ जाएगी. जो लोग खुद को पार्टी का मालिक समझकर ये फैसले करवा रहे हैं, उन्हें चुनाव में जनता सब सिखा देगी.
क्या नई पार्टी बनाएंगे अनंत सिंह?
भविष्य की रणनीति और दूसरे दल में शामिल होने के सवाल पर अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर किसी दूसरी पार्टी में जाना होगा तो पहले ही बता देंगे. नहीं तो अपनी खुद की पार्टी बनाएंगे या जनता के बीच रहेंगे. विधायकी जाने के खतरे पर उन्होंने बेफिक्र अंदाज में कहा कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, आगे क्या करना है और कौन चुनाव लड़ेगा, यह वक्त आने पर तय होगा.
'नीतीश जी की बुराई नहीं करूंगा, वो बीमार रहते हैं'
नीतीश कुमार से संबंधों पर बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि उनकी नीतीश कुमार से कोई व्यक्तिगत दूरी या दुश्मनी नहीं है. उन्होंने कहा कि नीतीश जी बीमार रहते हैं, हम उनसे जाकर मुलाकात भी करेंगे और उनकी बुराई कभी नहीं करेंगे. लेकिन पार्टी के भीतर जो कुछ चल रहा है, उसका खामियाजा जेडीयू को भुगतना पड़ेगा.
