अनंत सिंह का जेल जाने से पहले बोले- दुलारचंद की हत्या कर मुझे फंसाया गया, नीरज का लिया नाम

सुप्रीम कोर्ट के सरेंडर के आदेश के बाद अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें अदालत पर भरोसा है और वे आदेश का पालन करेंगे. साथ ही उन्होंने जेडीयू नेता नीरज कुमार पर दुलारचंद यादव हत्याकांड में फंसाने और अपने खिलाफ मामले दर्ज कराने का आरोप लगाया.

ADVERTISEMENT

anant singh news
anant singh news
Google CTA

बिहार के मोकामा से निष्कासित जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है और कोर्ट ने जो आदेश दिया है, उसका वे पालन करेंगे. अनंत सिंह ने साफ कहा कि वे आत्मसमर्पण करेंगे और उन्हें उम्मीद है कि आगे उन्हें जमानत मिल जाएगी. हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अनंत सिंह ने जेडीयू नेता नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में आज जो कुछ हुआ, उसके पीछे सरकार नहीं बल्कि नीरज कुमार हैं. अनंत सिंह का आरोप है कि उनके खिलाफ दर्ज हुए सभी मामले नीरज कुमार ने करवाए हैं. 

'दुलारचंद की हत्या कर मुझे फंसाया गया'

दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर अनंत सिंह ने दावा किया कि इस मामले में उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि दुलारचंद की हत्या करवाकर उन्हें इस केस में फंसाने की कोशिश की गई. अनंत सिंह ने कहा कि इस मामले में नीरज कुमार की भूमिका को लेकर वे अपनी बात रख रहे हैं. नीरज कुमार के उस बयान पर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि दुलारचंद हत्याकांड से उनका कोई लेना-देना नहीं है. इस पर अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार अपना काम जानें.

'नीरज जो करते हैं, पार्टी वही करती है'

जेडीयू से निष्कासन को लेकर भी अनंत सिंह ने नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पार्टी नीरज कुमार की बात को सही मानती है और नीरज जो करते हैं, पार्टी वही करती है. उन्होंने कहा, 'हम किसी के चमचे नहीं हैं.'अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वे ठीक होते तो ऐसी स्थिति नहीं बनती. उन्होंने यह भी दावा किया कि जेडीयू के लिए आगे पार्टी का खाता खोलना मुश्किल हो जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का करेंगे पालन

अनंत सिंह ने दोहराया कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करेंगे और आत्मसमर्पण करेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें अदालत पर भरोसा है और उम्मीद है कि उन्हें जमानत मिल जाएगी. जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर कोई काम होगा तो वे उनसे मिलेंगे, लेकिन फिलहाल वे कोर्ट के आदेश का पालन करेंगे.

मोकामा से चुनाव लड़ने पर क्या बोले?

मोकामा से चुनाव लड़ने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि यह उनके बेटे की इच्छा पर निर्भर करेगा. उन्होंने कहा कि पहले उनका मन था, इसलिए उन्होंने चुनाव लड़ा. अब आगे क्या होगा, यह उनके बेटे का मन तय करेगा.अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि उनके साथ जो जुल्म हुआ है, उसका जवाब भगवान देगा. उन्होंने एक बार फिर नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग जानते हैं कि किस तरह से यह सब कराया गया. अनंत सिंह के इन बयानों से दुलारचंद यादव हत्याकांड और जेडीयू के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है. हालांकि, नीरज कुमार पर लगाए गए आरोप अनंत सिंह के अपने दावे हैं.
इनपुट- शुभम निराला, संवाददाता