बगहा में बारात के दौरान आर्केस्ट्रा को लेकर बवाल, लाठी-डंडे चले, 12 घायल
बिहार के बगहा में बारात के दौरान आर्केस्ट्रा देखने को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों में हिंसक झड़प हो गई. लाठी-डंडे चलने से करीब 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को गंभीर हालत में बेतिया जीएमसीएच रेफर किया गया है.
ADVERTISEMENT

शादी-ब्याह के मौके पर जहां ढोल-नगाड़ों, डीजे और आर्केस्ट्रा की धुन पर जश्न का माहौल होना चाहिए, वहीं बिहार के बगहा में एक बारात के दौरान ऐसा बवाल मचा कि खुशियां मातम और अफरातफरी में बदल गईं. आर्केस्ट्रा देखने को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए. घायलों में दो की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया है.
रत्नमाला मोड़ के पास बारात में भड़की हिंसा
यह पूरी घटना बगहा नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 31 की है. जानकारी के अनुसार, रत्नमाला मोड़ स्थित एक स्कूल के पास बारात रुकी हुई थी. इसी दौरान आर्केस्ट्रा देखने को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात पर बहस शुरू हो गई. शुरुआत में यह मामूली नोकझोंक लग रही थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला होने लगा, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और शादी समारोह में शामिल लोगों में दहशत फैल गई.
12 लोग जख्मी, दो को बेतिया GMCH किया गया रेफर
इस हिंसक झड़प में लगभग 12 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायलों में शामिल अमन कुमार और अजय यादव की हालत गंभीर बताई गई है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को उच्च चिकित्सा के लिए बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) रेफर कर दिया.
विवाद की वजह पर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
मारपीट की शुरुआत कैसे हुई, इसे लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. एक पक्ष का कहना है कि बारात के परछावन के दौरान एक युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद तनाव बढ़ा. वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवकों को हटाने पहुंचे लोगों पर हमला कर दिया गया. दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर पहले हिंसा शुरू करने का दोष मढ़ रहे हैं.
पुलिस और डायल 112 ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं और दोनों पक्षों के आरोपों की गहन जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की असली जड़ क्या थी और इस मारपीट में किन लोगों की क्या भूमिका रही.
वैशाली में नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद भारी बवाल, RJD कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर-बैनर
