पटना शराबकांड: पुलिस ने सुलझाया केस या खुद फंस गई? 4 मौतों की ‘लव स्टोरी’ में बड़ा ट्विस्ट
पटना के बाढ़ में 4 युवकों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की ‘लव स्टोरी’ थ्योरी पर सवाल उठ गए हैं. मामले में सामने आई युवती ने पुलिस पर झूठी कहानी गढ़ने और निर्दोष को फंसाने का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT

पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. पुलिस ने इस मामले में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की थ्योरी सामने रखते हुए दावा किया था कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर चारों को मौत के घाट उतारा गया. लेकिन अब उसी कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ी युवती सामने आ गई है और उसने पुलिस की पूरी कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. युवती ने मीडिया के सामने आकर आरोप लगाया कि पुलिस झूठी कहानी गढ़ रही है और एक निर्दोष युवक को फंसाने की कोशिश की जा रही है. उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसके आरोपों और पुलिस की थ्योरी के समर्थन में सबूत नहीं दिए गए तो वह मानहानि का केस करेगी.
