बेगूसराय: शादी के 5 महीने बाद भी पत्नी ने नहीं बनाए संबंध, फिर एक दिन पति हो गई हत्या, साढ़ू पर लगा आरोप
Begusarai Murder Case: बिहार के बेगूसराय में शादी के महज पांच महीने बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि पत्नी के साथ वैवाहिक संबंध न बनाने देने और विवाद की शिकायत करने पर चचेरे भाई सह साढ़ू ने अपने परिजनों के साथ मिलकर युवक पर क्रिकेट बैट से हमला किया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
ADVERTISEMENT

Begusarai Murder Case: बिहार के बेगूसराय में शादी के महज पांच महीने बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि पत्नी से वैवाहिक संबंधों को लेकर चल रहे विवाद की शिकायत करना युवक को भारी पड़ गया. दीपावली के दिन क्रिकेट बैट से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. गंभीर हालत में उसे पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
क्या है पूरा मामला और कैसे शुरू हुआ विवाद?
मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जून 2026 में बेगूसराय के एक युवक की की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी. युवक की शादी कराने में उसके अपने चचेरे भाई और रिश्ते में साढ़ू लगने की मुख्य भूमिका थी. परिवार ने बड़े अरमानों के साथ बेटे की शादी की थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों के रिश्ते सामान्य नहीं रहे.
मृतक के पिता आरोप है कि पांच महीने के अंतराल में बहू सिर्फ तीन बार ससुराल आई. वो हर बार कुछ दिन रहने के बाद वापस मायके चली जाती थी. आरोप है कि पत्नी, अपने पति के साथ वैवाहिक संबंध बनाने से इंकार करती थी और ससुराल में रहना भी नहीं चाहती थी. युवक ने जब इस बात की शिकायत बीच-बीच में अपने चचेरे भाई व साढ़ू से की तो यह बात उसे नागवार गुजरी.
दीपावली के दिन क्रिकेट बैट से किया गया हमला
मामला तब खूनी संघर्ष में बदल गया जब दीपावली के दिन महिला मायके जाने के बाद साढ़ू अपने अन्य परिजनों के साथ युवक के घर पहुंचा. आरोप है कि वहां पहले युवक के माता-पिता के साथ मारपीट की गई और फिर क्रिकेट बैट से युवक के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. इस बेरहमी से हुई पिटाई में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों ने उसे तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे पटना रेफर कर दिया गया. कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद आखिरकार इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय परिहारा थाना पुलिस हरकत में आ गई. मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआत में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद अब इसे हत्या के मामले में तब्दील कर दिया गया है. परिहारा थाना पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी साढ़ू और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: पत्नी के बाहर अफेयर का शक था, सास पर निकाला गुस्सा... पटना हत्याकांड की कहानी चौंका देगी
