'हत्या तो होगी ही..इतना बड़ा बिहार है..क्या कीजिएगा..'मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का विवादित बयान
हत्या तो होगी, क्या कीजिएगा.. बिहार में बढ़ते अपराध पर सवाल सुन भड़के मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, पत्रकारों से बोले- अपराधियों का खुलासा आप भी कीजिए.
ADVERTISEMENT

बिहार में बढ़ते अपराध और लगातार हो रही हत्याओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन जब यही सवाल सत्ता में बैठे लोगों से पूछा गया, तो जवाब ने एक नई बहस छेड़ दी. भोजपुर के आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की दिनदहाड़े हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा पत्रकारों के सवालों पर भड़क उठे. इतना ही नहीं, हत्या की घटनाओं पर उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया, जिसे लेकर अब सवाल उठना लाजिमी है.
हत्या तो होगी ही- भगवान सिंह कुशवाहा
दरअसल, गुरुवार को आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की दिनदहाड़े हत्या के बाद बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. लेकिन जब मीडिया ने बिहार में लगातार हो रही हत्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल पूछे, तो मंत्री जी का अंदाज बदल गया. मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि हत्या तो होगी ही क्या कीजिएगा? इतने बड़े बिहार में हत्याएं होती रहती हैं.
पत्रकारों से बोले मंत्री- खुलासा क्यों नहीं करते?
इतना ही नहीं, पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने पलटकर कहा कि हत्याओं में शामिल लोगों को पत्रकार भी जानते हैं, तो फिर उनका खुलासा क्यों नहीं करते? उन्होंने पत्रकारों से कहा कि केवल सवाल मत पूछिए, बल्कि अपराध में शामिल लोगों का खुलासा भी कीजिए. अब मंत्री जी के इस बयान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या बढ़ते अपराध पर सवाल पूछना पत्रकारों की जिम्मेदारी है, या अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना पुलिस और प्रशासन का काम है? आखिर बिहार में लगातार हो रही हत्याओं पर सरकार की जवाबदेही को लेकर सवाल पूछे जाएंगे या नहीं?
पहले भी अपने बयान के लिए सुर्खियों में रहे हैं मंत्री
फिलहाल, मंत्री के इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस की गुंजाइश बनी हुई है. मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. एक बार फिर उनके बयान से बिहार की राजनीति गर्म होना तय है.
