छठ से पहले बिहार के सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, DA में हुई बढ़ोतरी, जानिए कब से मिलेगा फायदा
Bihar Government Employees DA Hike: छठ महापर्व से पहले बिहार सरकार ने कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई है. सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया गया है. वहीं छात्राओं के लिए स्टार्टअप और पीएचडी फेलोशिप योजना को मंजूरी मिली है. इसके अलावा युवाओं को AI की ट्रेनिंग देने के लिए भी खास पहल की जाएगी.
ADVERTISEMENT

Bihar Government Employees DA Hike: बिहार में एक तरफ आस्था का महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, तो दूसरी तरफ राज्य सरकार ने आम जनता और कर्मचारियों के हित में फैसलों की झड़ी लगा दी है. सरकार के इन फैसलों का सीधा असर सरकारी कर्मचारियों के वेतन से लेकर प्रदेश की बेटियों के भविष्य और युवाओं के करियर पर दिखने वाला है. हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों, पेंशनभोगियों, छात्राओं और युवाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई है.
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के भत्ते में बढ़ोतरी
त्योहार के इस सीजन में सरकार ने सबसे बड़ी आर्थिक राहत राज्य के सरकारी सेवकों और पेंशनभोगियों को दी है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में इजाफे को स्वीकृति दी गई है. सातवें वेतन आयोग के दायरे में आने वाले कर्मियों का DA और पेंशनर्स का DR 60% से बढ़ाकर 63% कर दिया गया है. वहीं छठे वेतन आयोग के तहत यह दर 262% से 269% और पांचवें वेतन आयोग के तहत 483% से बढ़ाकर 497% कर दी गई है. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी.
शहरी निकायों के कर्मियों को MACP का लाभ
कई वर्षों से एक ही पद पर सेवा दे रहे और बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने राहत का रास्ता साफ किया है. कैबिनेट ने शहरी स्थानीय निकायों के नियमित कर्मचारियों के लिए संशोधित आश्वस्त करियर प्रगति (MACP) योजना को हरी झंडी दे दी है. इस व्यवस्था से लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों की वित्तीय प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा और उन्हें आर्थिक रूप से बेहतर अवसर मिल सकेंगे.
बेटियों के लिए 'स्टार्टअप चैलेंज' और PhD फेलोशिप योजना
प्रदेश की छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए दो विशेष योजनाओं की शुरुआत की गई है. सरकार ने 'बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना' को मंजूरी दी है, जिसके तहत 2,100 छात्राओं को अपना व्यवसाय या इनोवेशन शुरू करने के लिए आर्थिक व तकनीकी मदद दी जाएगी. इसके लिए 88.20 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है. साथ ही, रिसर्च और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के मकसद से 'मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना' को भी मंजूरी प्रदान की गई है.
ग्लोबल पार्टनरशिप के साथ शुरू होगा 'बिहार AI मिशन'
तकनीक के दौर में बिहार के युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए 'बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन' की स्थापना की जाएगी. इसके लिए सिंगापुर के ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क (GFTN) का चयन किया गया है. यह संस्थान नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल फाइनेंस और लिंक्स फाउंडेशन के साथ मिलकर 5 महीने का एडवांस AI सर्टिफिकेशन प्रोग्राम चलाएगा. अगले 5 वर्षों में 7 हजार छात्रों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 'आर्यभट्ट टेक्नोलॉजी ऑब्जर्वेटरी' नामक डिजिटल सैंडबॉक्स प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार पर बड़ा खुलासा! INDIA गठबंधन छोड़ने को लेकर क्या लिखा?
