Bihar Flood: बिहार में बाढ़ का पूरा हाल, कहां कितना पानी? किन इलाकों पर सबसे बड़ा खतरा
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. गंगा, सोन, पुनपुन समेत 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं. पटना, बेगूसराय, भागलपुर, बेतिया, बक्सर, मुंगेर और रोहतास समेत कई जिलों में बाढ़ और कटाव का असर दिख रहा है. जानिए बिहार में कहां कितना पानी और आने वाले दिनों में कितना बढ़ सकता है खतरा.
ADVERTISEMENT

बिहार में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब बाढ़ का असर कई जिलों में जमीन पर दिखाई देने लगा है. कहीं गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, तो कहीं सोन और पुनपुन नदी ने निचले इलाकों में पानी फैला दिया है. पटना में गंगा का पानी घाटों से निकलकर सड़कों तक पहुंच गया है. पुनपुन नदी के किनारे बसे इलाकों में पानी घरों तक पहुंच रहा है. बेगूसराय में कई गांव बाढ़ के पानी से घिरे हैं, तो बेतिया में कटाव के कारण एक पक्का मकान गंडक नदी में समा गया. यानी सवाल सिर्फ नदी के बढ़ते जलस्तर का नहीं है.सवाल ये है कि बिहार में बाढ़ की स्थिति इस वक्त कितनी गंभीर है, किन जिलों पर सबसे ज्यादा असर है और आने वाले दिनों में खतरा क्यों बढ़ सकता है?
