Bihar MLC Election Counting LIVE: तिरहुत शिक्षक पर NDA की जीत, औपचारिक ऐलान बाकी! 7 MLC सीटों पर मतगणना जारी
Bihar MLC Result 2026 LIVE: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के चुनाव परिणाम के लिए 27 अक्टूबर को मतगणना हो रही है. पटना स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट का पहला रुझान सामने आया है. इधर सुबह से ही अनंत सिंह के आवास पर मिठाइयां बंटने लगी है. जानिए चुनावी प्रदर्शन से जुड़े रुझान, हर राउंड की गिनती और जीत-हार के ताजा अपडेट्स जानें इस लाइव ब्लॉग में.
ADVERTISEMENT

बिहार विधान परिषद चुनाव परिणाम 2026 LIVE Updates: बिहार की 8 विधान परिषद (MLC) सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों के लिए आज मतगणना का दिन है. 23 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद आज सुबह 8:00 बजे से चार प्रमंडलीय मुख्यालयों पटना, मुजफ्फरपुर (तिरहुत), दरभंगा और पूर्णिया (कोसी) में वोटों की गिनती शुरू हो गई है. इस चुनाव में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 150 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला होना है, जिसमें स्नातक कोटे के 90 और शिक्षक कोटे के 60 प्रत्याशी शामिल हैं.
यह चुनाव बिहार के सियासी गलियारे में बेहद खास माना जा रहा है. जहां एक तरफ सत्ताधारी एनडीए (NDA) गठबंधन अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में है, वहीं विपक्षी महागठबंधन (RJD, कांग्रेस और वामदल) अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए जोर-अजमाइश कर रहा है. इस बीच, प्रशांत किशोर की 'जन सुराज' पार्टी ने भी सभी 8 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय और दिलचस्प बना दिया है. पटना स्नातक सीट समेत तिरहुत, दरभंगा, सारण और कोसी की सीटों पर दिग्गजों की साख दांव पर लगी है.
चुनाव आयोग की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. सभी काउंटिंग सेंटर्स पर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों की तैनाती की गई है, साथ ही केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू है. स्नातक सीटों की गिनती के लिए 14-14 टेबल और शिक्षक सीटों के लिए 7-7 टेबल लगाए गए हैं. क्योंकि विधान परिषद चुनाव में वरीयता क्रम के आधार पर मतों की गिनती होती है और जीत के लिए निर्धारित कोटा हासिल करना अनिवार्य होता है, इसलिए वोटों की प्रक्रिया थोड़ी लंबी चलेगी. चुनाव अधिकारियों के अनुसार, रुझान दोपहर तक सामने आने लगेंगे, लेकिन अंतिम और आधिकारिक परिणाम शाम या देर रात तक ही स्पष्ट हो पाएंगे.
बिहार विधान परिषद की इन 8 सीटों के हर राउंड के नतीजे, रुझान, हॉट सीटों का हाल और बड़े प्रत्याशियों के जीत-हार के लाइव अपडेट्स जानने के लिए बने रहिए हमारे साथ इस LIVE BLOG में...
- 07:26 PM • 27 Oct 2026
Bihar MLC Election Result 2026 LIVE Updates: दरभंगा शिक्षक MLC चुनाव में तीसरे राउंड में भी जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय आगे
Bihar MLC Election Result 2026: दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में तीसरे राउंड की मतगणना के बाद भी जनसुराज के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय बढ़त बनाए हुए हैं. वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर हैं.
- 05:04 PM • 27 Oct 2026
सारण शिक्षक सीट (प्रथम वरीयता मतगणना): डॉ. राहुल राज 2723 मतों के साथ सबसे आगे, JDU के आनंद पुष्कर दूसरे स्थान पर
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रथम वरीयता (First Preference) के मतों की गिनती का दौर पूरा हो चुका है. प्राप्त ताजा आंकड़ों के अनुसार, डॉ. राहुल राज 2,723 मत प्राप्त कर अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए पहले स्थान पर बढ़त बनाए हुए हैं.
सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार आनंद पुष्कर 2,440 मतों के साथ दूसरे पायदान पर हैं. वहीं, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद 1,999 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर मजबूती से डटे हुए हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के जयराम यादव 1,708 मत पाकर चौथे स्थान पर खिसक गए हैं.
- 05:00 PM • 27 Oct 2026
दरभंगा शिक्षक सीट: जन सुराज के प्रो. सुरेश राय ने बनाई बढ़त, मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर खिसके
दरभंगा: दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना से आ रहे ताजा आंकड़ों ने चुनाव में बड़ा उलटफेर दिखाया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के प्रत्याशी प्रो. सुरेश राय 2,058 मत हासिल कर पहले स्थान पर मजबूती से बने हुए हैं.
वहीं, कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. मदन मोहन झा 1,746 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं, जबकि वामदल (लेफ्ट) के उम्मीदवार रामदेव राय 1,735 मत प्राप्त कर बेहद कम अंतर से तीसरे स्थान पर हैं. सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय फिलहाल इस रेस में पिछड़ते नजर आ रहे हैं और वे मात्र 654 मतों के साथ चौथे पायदान पर हैं. हालांकि अभी कोई आधिकारिक डेटा सामने नहीं आया है.
- 04:54 PM • 27 Oct 2026
तिरहुत शिक्षक सीट: NDA के नरेंद्र प्रसाद सिंह 594 वोटों से जीते, आधिकारिक घोषणा बाकी
मुजफ्फरपुर: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बड़ी खबर आ रही है. मतगणना के अंतिम दौर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) व एनडीए समर्थित उम्मीदवार प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर शानदार जीत हासिल कर ली है. हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है. द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती के बाद आए अंतिम आंकड़ों के अनुसार, नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण झा को 594 मतों के अंतर से पराजित किया है.
अंतिम मतों का आंकड़ा:
- प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह (BJP / NDA): 2,945 मत (विजेता)
- भूषण झा (निर्दलीय): 2,351 मत
- संजय सिंह (CPI / महागठबंधन): 1,967 मत
- 04:16 PM • 27 Oct 2026
दरभंगा मतगणना केंद्र पर हंगामा: जन सुराज और कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों के बीच भिड़ंत
दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान काउंटिंग सेंटर के भीतर अचानक हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. मतगणना की प्रक्रिया के बीच दो अलग-अलग प्रत्याशियों के एजेंट आपस में भिड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय और कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा के काउंटिंग एजेंटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला तीखी नोकझोंक और भिड़ंत तक पहुंच गया. मतगणना केंद्र के अंदर माहौल बिगड़ता देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों काउंटिंग एजेंटों को हिरासत में ले लिया. फिलहाल केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
- 04:03 PM • 27 Oct 2026
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह ने किया बड़ा दावा
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह ने बड़ी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि 4 बजे से मतगणना शुरू हुई है और साथ ही उन्होंने अपने जीत को लेकर भी बड़ा दावा किया है.
- 03:49 PM • 27 Oct 2026
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: द्वितीय वरीयता की गिनती में NDA के नरेंद्र प्रसाद सिंह आगे
मुजफ्फरपुर: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की गिनती बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है. प्रथम वरीयता के बाद अब द्वितीय वरीयता (Second Preference) के मतों की गणना जारी है, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी बढ़त बनाए रखी है. वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा ने जोरदार बढ़त बनाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, जबकि CPI के प्रत्याशी संजय सिंह फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गए हैं.
ताजा मतों के आंकड़े:
- नरेंद्र प्रसाद सिंह (NDA): 2,331 मत
- भूषण झा (निर्दलीय): 2,015 मत
- संजय सिंह (CPI / महागठबंधन): 1,952 मत
द्वितीय वरीयता के वोटों की ट्रांसफर प्रक्रिया जारी रहने से मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है. एनडीए प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह फिलहाल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 316 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं.
- 03:41 PM • 27 Oct 2026
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: मतगणना अपडेट, 9,570 मतों की गिनती पूरी
छपरा (सारण): जिला जनसंपर्क कार्यालय, सारण द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
प्रशासन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार:
- कुल गिने गए मत: 9,570
- वैध मत (Valid Votes): 9,197
- अवैध मत (Invalid Votes): 373
जिला प्रशासन के अनुसार मतगणना की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी कराई जा रही है तथा जल्द ही उम्मीदवारों की वरीयता (Preference) के आधार पर रुझान स्पष्ट होने लगेंगे.
इनपुट- आलोक कुमार जायसवाल
- 03:06 PM • 27 Oct 2026
तिरहुत शिक्षक सीट: NDA के नरेंद्र प्रसाद सिंह की बढ़त बढ़ी, 162 वोटों से आगे
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वोटों की गिनती में NDA प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है. वे महागठबंधन के प्रत्याशी संजय सिंह से अब 162 वोटों से आगे चल रहे हैं.
ताजा वोट अपडेट:
- नरेंद्र प्रसाद सिंह (NDA): 1,931 मत
- संजय सिंह (महागठबंधन): 1,769 मत
- अंतर: नरेंद्र प्रसाद सिंह 162 वोटों से आगे
- 02:41 PM • 27 Oct 2026
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रथम वरीयता ने स्पष्ट बहुमत नहीं
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतगणना में प्रथम वरीयता में किसी प्रत्याशी को स्पष्ट बहुमत नहीं है. अब द्वितीय वरीयता की गिनती के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
- 02:03 PM • 27 Oct 2026
तिरहुत शिक्षक सीट: NDA प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह 138 वोटों से आगे, संजय सिंह पीछे
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शुरुआती रुझानों/आंकड़ों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) समर्थित प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन के उम्मीदवार संजय सिंह पर बढ़त बना ली है.
ताजा मतों की गिनती के अनुसार:
- नरेंद्र प्रसाद सिंह (NDA): 1,789 वोट
- संजय सिंह (महागठबंधन): 1,651 वोट
- बढ़त: नरेंद्र प्रसाद सिंह 138 मतों से आगे चल रहे हैं.
- 01:28 PM • 27 Oct 2026
पटना स्नातक सीट का पहला रुझान आया सामने
बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद आज सुबह 8 बजे से ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसी बीच सबसे हॉट सीट पटना स्नातक से पहला रुझान सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, प्रथम वरीयता में जदयू के नीरज कुमार को 2708 वोट मिले है और वह करीबन 900 वोटों से आगे चल रहे है. वहीं राजद के दिलीप पटेल 1811 वोट के साथ दूसरे स्थान पर और जन सुराज के अनुज सिंह को महज 671 वोट मिलने की बाच कही जा रही है.
- 01:02 PM • 27 Oct 2026
जन सुराज उम्मीदवार दिव्या ज्योति का गंभीर आरोप, 'काउंटिंग रूम में बाहर से क्यों लाई जा रही थीं फाइलें?'
बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान पटना में सियासी पारा चढ़ गया है. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की उम्मीदवार दिव्या ज्योति ने मतगणना प्रक्रिया और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. मतगणना केंद्र के बाहर मचे हंगामे और फाइलों के बंडलों को लेकर उन्होंने प्रशासन को आड़े हाथों लिया है. दिव्या ज्योति ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि, 'हम विरोध प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं, बल्कि अंदर जो कुछ भी हो रहा है, उस पर शांतिपूर्वक नजर बनाए हुए हैं. चूंकि आज सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है, इसलिए हमारे समर्थक बड़ी संख्या में यहां एकत्र हुए हैं. आज सुबह फाइलों के पांच बंडल अंदर ले जाए जा रहे थे, जिन्हें हमारे समर्थकों ने गेट पर ही रोक लिया. हमारे विरोध के बाद उन फाइलों को वापस अंदर ले जाया गया. जब दबाव डालकर उन्हें खोला गया, तो उनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का 'फॉर्म 16' (Form 16) पाया गया.'
प्रशासन और चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आगे कहा, जब 'फॉर्म 16' का मिलान मतगणना के दौरान अंदर ही किया जाना है, तो फिर बाहर से उसकी एक अतिरिक्त कॉपी अंदर क्यों ले जाई जा रही थी? यह अपने आप में चुनाव आयोग और प्रशासन की कार्यशैली पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है.
- 12:29 PM • 27 Oct 2026
पटना मतगणना केंद्र पर फाइलों की गठरी को लेकर फिर बवाल
पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान पटना स्थित मतगणना केंद्र के बाहर फाइलों के एक बंडल (गठरी) को लेकर एक बार फिर भारी हंगामा देखने को मिला. केंद्र से बाहर लाई जा रही फाइलों को देखकर बाहर मौजूद लोगों और समर्थकों ने गड़बड़ी की शंका जताते हुए आरोप लगाया कि इनमें 'फॉर्म 16' (Form 16) के गोपनीय चुनावी दस्तावेज मौजूद हैं. माहौल बिगड़ता देख चुनाव आयोग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को स्पष्ट किया. अधिकारी ने सफाई देते हुए बताया कि यह कोई धांधली या गोपनीय पत्र नहीं, बल्कि पीठासीन अधिकारी की डायरी (Presiding Officer's Diary) है, जो कि एक खुला सार्वजनिक दस्तावेज होता है और नियमानुसार इसे बाहर लाया जा सकता है. अधिकारी के इस स्पष्टीकरण के बाद वहां जारी गतिरोध शांत हुआ.
इनपुट- अनिकेत कुमार
- 12:24 PM • 27 Oct 2026
MLC चुनाव पर JDU नेता ने दिया बड़ा बयान
MLC चुनावों पर JDU नेता राजीव रंजन ने कहा, '... एक सकारात्मक वातावरण है और हम आठो सीटों पर जीत दर्ज करने की स्थिति में दिख रहे हैं. विपक्ष पूरी तरह से बिखरा हुआ है. हर सीट पर महागठबंधन की आपस में लड़ाई है...हमें जनता का अपार समर्थन प्राप्त है और हमें इसका लाभ मिलेगा.'
- 11:54 AM • 27 Oct 2026
पटना मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा, फाइलों के बंडल को लेकर भिड़े लोग
बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच पटना मतगणना केंद्र के बाहर अचानक भारी बवाल और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई. विवाद उस समय शुरू हुआ जब केंद्र के अंदर से एक कर्मचारी कागजी फाइलों के दो बड़े बंडल लेकर बाहर निकला.
वहां पहले से मौजूद समर्थकों, मीडियाकर्मियों और यूट्यूबर्स ने उस कर्मचारी को तुरंत घेर लिया और बाहर लाई जा रही फाइलों को खोलने की पुरजोर मांग करने लगे. देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भारी धक्का-मुक्की तथा कहासुनी के बीच लोगों ने जबरन फाइलों के बंडल खोल दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना के बाद मतगणना केंद्र के बाहर मौजूद भीड़ उग्र हो गई और लोग 'फर्जी वोट' तथा 'वोट करो, वोट करो' के नारेबाजी करने लगे.
कागजी फाइलों में क्या दस्तावेज थे और उन्हें काउंटिंग सेंटर से बाहर किस वजह से ले जाया जा रहा था, इस पर अभी तक प्रशासन या चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया गया है. फिलहाल केंद्र के बाहर तनाव और हंगामे का माहौल बना हुआ है.
- 11:35 AM • 27 Oct 2026
अनंत सिंह के आवास पर बंटने लगी मिठाइयां
मोकामा विधायक अनंत सिंह के आवास से इस वक्त की बड़ी जानकारी सामने आई है. उनके आवास पर मिठाइयां बंटने लगी है और सभी समर्थक जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के जीत का दावा कर रहे है. इसी बीच एक समर्थक ने बताया है कि लाखों की संख्या में मिठाइयां बनवाई है और इसे तैयार करने के लिए 7 दिन पहले यानी 20 अक्टूबर से ही लोग काम कर रहे थे.


- 10:54 AM • 27 Oct 2026
अनंत सिंह के घर पर कैसी है स्थिति?
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद आज, 27 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से वोटों की गिनती जारी है. इस बीच सबसे हाई-प्रोफाइल मानी जा रही पटना स्नातक सीट को लेकर जेडीयू के भीतर मची रार खुलकर सामने आ गई है. मोकामा से पूर्व विधायक बाहुबली अनंत सिंह द्वारा अपनी ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध कर जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का खुला समर्थन करने के बाद, जेडीयू ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है. अब पार्टी उनकी विधायकी समाप्त कराने और सरकारी आवास खाली कराने की पहल भी कर रही है. अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को कमेटी से हटाए जाने के बाद सरकार ने यह आवास खाली करने का आदेश जारी कर दिया है.
इसके बावजूद, अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर जश्न का माहौल है. हालांकि मीडिया को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई है, लेकिन अंदर से आई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि बड़े पैमाने पर दावत की तैयारियां चल रही हैं, पंडाल लगाए गए हैं, मिठाइयां बन रही हैं और खाने-पीने का पूरा इंतजाम किया गया है. अनंत सिंह चुनाव प्रचार के दौरान ही स्पष्ट कर चुके थे कि उन्हें कार्रवाई का कोई डर नहीं है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आज आने वाले नतीजों में जेडीयू के अधिकृत प्रत्याशी बाजी मारते हैं या फिर अनंत सिंह के समर्थन वाले जन सुराज उम्मीदवार का पलड़ा भारी रहता है.
इनपुट- शशि भूषण
- 10:37 AM • 27 Oct 2026
'शिक्षकों का भरोसा हमारे साथ, हम भारी अंतर से जीतेंगे' - जन सुराज प्रत्याशी दिव्या ज्योति
पटना शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र (Patna Teachers’ MLC Constituency) से जन सुराज की उम्मीदवार दिव्या ज्योति ने मतगणना के दौरान अपनी जीत का मजबूत दावा ठोका है. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि हम भारी अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं, क्योंकि शिक्षकों को दिव्या ज्योति, प्रशांत किशोर और जन सुराज पर पूरा भरोसा है. आज पूरा शिक्षक समुदाय हमारे साथ खड़ा है और यह जीत उसी विश्वास की जीत होगी.'
हालांकि, मतगणना केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की मंशा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, 'जब आज हमारे टीम के सदस्य काउंटिंग रूम में गए, तो उन्होंने बताया कि वहां सीसीटीवी (CCTV) कैमरे नहीं लगाए गए हैं. आज के दौर में जब हर तरह की तकनीक और संसाधन मौजूद हैं, और यदि आप चाहते हैं कि परिणाम पूरी तरह से निष्पक्ष हों ताकि चुनाव आयोग पर कोई सवाल न उठे, तो फिर आप सीसीटीवी से क्यों बच रहे हैं? काउंटिंग रूम में सीसीटीवी कैमरे क्यों नहीं लगाए गए? यह एक बड़ा सवाल है और हम इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रहे हैं.'
- 10:30 AM • 27 Oct 2026
तिरहुत स्नातक-शिक्षक सीट पर मतगणना शुरू, पहले 50-50 मतपत्रों के बंडल बनाए जा रहे
मुजफ्फरपुर के MIT में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती शुरू हो चुकी है. मतगणना के सभी टेबलों पर सबसे पहले मतपत्रों को 50-50 की संख्या में बंडल बनाया जा रहा है. इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद मतों की गिनती की जाएगी. दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना के बाद होगा.
इनपुट- मणिभूषण शर्मा
Load More