बिहार में मानसून हुआ सक्रिय, 2 जुलाई को इन जिलों में होगी भारी बारिश और 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, अलर्ट जारी
Bihar Weather Update: बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो चुका है. मौसम विभाग ने 2 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है.
ADVERTISEMENT

बिहार में 2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट
Bihar Monsoon Update: बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. ऐसे में प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में बादलों के डेरा डालने से मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों के साथ-साथ बिहार में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. इससे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटों में भागलपुर, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे जिलों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है. इसने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है. मौसम विभाग ने ताजा अपडेट के मुताबिक 2 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. ऐसे में इससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और अधिक बदलने की उम्मीद जताई जा रही है.