अनुष्का यादव ने तेज प्रताप के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, उधर तेज प्रताप ने तेजस्वी के साथ दिया बड़ा मैसेज
अनुष्का यादव ने तेज प्रताप यादव के साजिश वाले आरोपों पर पहली बार खुलकर बयान दिया है. वहीं दूसरी ओर तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव और परिवार संग फोटो शेयर कर विरोधियों को कड़ा संदेश दिया है. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

बिहार के सियासी गलियारे में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव तथा अनुष्का यादव का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. एक तरफ जहां अनुष्का यादव ने तेज प्रताप यादव द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी, वहीं दूसरी तरफ तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर परिवार के साथ तस्वीरें और कड़े संदेश पोस्ट कर विरोधियों पर करारा हमला बोला है.
'नाच-गाने के बहाने साजिशों का गठबंधन'
विवाद की शुरुआत तब हुई जब तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक तीखा पोस्ट शेयर किया. उन्होंने पटना के कदम कुआं नाला रोड स्थित रूपचंद भागवत उत्सव हॉल का जिक्र करते हुए लिखा कि वहां एक कार्यक्रम के बहाने उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है. तेज प्रताप ने लिखा, 'हमारे सभी विरोधी यह बात अच्छी तरह समझ लें, हम किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देंगे. मां दुर्गा का पावन नवरात्र चल रहा है और इस पर्व में महिषासुर रूपी बुराई, छल और षड्यंत्र का अंत अवश्य होगा.' गौरतलब है कि अनुष्का यादव और उनके भाई इसी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे.
'आरोपों के लिए भी उन्हें धन्यवाद'
जब मीडिया ने अनुष्का यादव से तेज प्रताप के साजिश वाले आरोपों और पुरानी प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सवाल पूछा, तो उन्होंने बहुत ही शांत लेकिन सधे हुए अंदाज में जवाब दिया. अनुष्का यादव ने कहा, "वे क्या पोस्ट करते हैं, यह देखने का मेरे पास वक्त नहीं है क्योंकि मेरा सारा समय बेटी के साथ बीतता है. वे क्या आरोप लगाते हैं, इसके लिए भी मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं. भगवान उनको लंबी आयु दे, वे हमेशा स्वस्थ रहें और जो भी कर रहे हैं, उसके लिए शुक्रिया."
तेज प्रताप ने तेजस्वी और मां राबड़ी संग पोस्ट की फोटो
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव और परिवार के साथ तस्वीर साझा की. उन्होंने अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, मां राबड़ी देवी और अपनी बहनों के साथ एक खुशनुमा पारिवारिक तस्वीर साझा की.
इस फोटो के साथ तेज प्रताप ने सख्त लहजे में लिखा:
जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे. कौन मेरे बारे में क्या बोलता है और क्या सोचता है, इससे मुझे फर्क नहीं पड़ता. मैं अपने काम में व्यस्त हूं और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा हूं. कुछ लोगों को मेरी तरक्की देखकर जलन होती है, तो होती रहे. मुझे किसी की बुराई पर नहीं, भगवान कृष्ण के आशीर्वाद और अपने कर्मों पर विश्वास है.
इसके साथ ही एक अन्य वीडियो संदेश में तेज प्रताप ने साफ किया कि उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य तय कर लिया है और रास्ते में चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं, वे न कभी झुकेंगे, न रुकेंगे और न ही हार मानेंगे.
