BSTA मचासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का इस्तीफा मंजूर नहीं होगा, संघ के अध्यक्ष, बोले- लड़ने वालों की कभी हार नहीं होती
बिहार विधान परिषद चुनाव में माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़े उम्मीदवार की हार के बाद महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के इस्तीफे की चर्चा है. संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि अभी तक उन्हें इस्तीफा नहीं मिला है. अगर इस्तीफा आता है, तो उस पर संगठन की प्रक्रिया के तहत विचार होगा और महासचिव से पुनर्विचार करने का आग्रह किया जाएगा.
ADVERTISEMENT

बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ में महासचिव शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने इस्तीफे की पेशकश की थी. इस बीच संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने स्पष्ट किया है कि उन्हें अब तक शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का कोई लिखित इस्तीफा नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि अगर इस्तीफा आता है, तो संगठन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत उस पर विचार किया जाएगा. साथ ही, महासचिव से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह भी किया जाएगा. अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के लंबे संगठनात्मक और राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि वह चुनावी नतीजों के बाद हार मानकर इस्तीफा देने जैसा कदम उठाएंगे. उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न प्रसाद सिंह हमेशा संघर्ष में विश्वास करते रहे हैं. उनका कहना है कि 'लहरों से डरकर नैया पार नहीं होती और लड़ने वाले की कभी हार नहीं होती.'
'अभी तक कोई इस्तीफा नहीं मिला'
शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि उन्हें इस बारे में केवल सुनी-सुनाई जानकारी मिली है. न तो उनकी इस मुद्दे पर शत्रुघ्न प्रसाद सिंह से फोन पर बात हुई है और न ही उनके पास कोई लिखित त्यागपत्र आया है. उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न प्रसाद सिंह बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अनुभवी और समर्पित नेता हैं. ऐसे में उन्हें उम्मीद नहीं है कि वह चुनावी परिणाम से निराश होकर संगठन छोड़ने का फैसला करेंगे.
इस्तीफा आया तो क्या करेंगे अध्यक्ष?
रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि अगर शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का इस्तीफा आता है, तो उसे सीधे मंजूर नहीं किया जाएगा. पहले संगठन के सचिव मंडल की बैठक बुलाई जाएगी. इसके बाद कार्यकारिणी में भी इस मुद्दे पर चर्चा होगी और निर्णय संगठन की प्रक्रिया के अनुसार लिया जाएगा. अध्यक्ष ने कहा कि इस्तीफे के मामले में संबंधित व्यक्ति से पुनर्विचार करने का आग्रह करना एक सामान्य प्रक्रिया है. उन्होंने अपनी ओर से स्पष्ट किया कि वह शत्रुघ्न प्रसाद सिंह से भी इस्तीफा वापस लेने और अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का आग्रह करेंगे.
कैसे शुरू हुई चर्चा?
दरअसल, पूर्व सांसद और बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव ने बिहार तक चैनल से बातचीत में कहा था कि वो हाल में आए बिहार विधान परिषद के चुनाव परिणाम में तिरहुत शिक्षक सीट से संजय सिंह को मिली हार से आहत हैं. लिहाजा अपना पद छोड़ रहे हैं. उन्होंने बातचीत में पद छोड़ने की बात कही थी. इसके बाद बिहार तक संवाददाता मणिभूषण शर्मा से बातचीत में बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि संघ को ऐसी कोई सूचना नहीं है. मुझे भी जानकारी नहीं है. अगर शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का इस्तीफा आता भी है तो उसे नामंजूर किया जाएगा. बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में संगठन से जुड़े उम्मीदवार को अपेक्षित समर्थन क्यों नहीं मिला, इसकी समीक्षा की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिक्षकों को एक ही नजर से देखना उचित नहीं होगा. कुछ लोगों के व्यवहार या मतदान को लेकर सवाल हो सकते हैं, लेकिन संगठन के प्रति समर्पित शिक्षक भी हैं. फिलहाल, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के इस्तीफे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह के मुताबिक, उन्हें कोई औपचारिक त्यागपत्र नहीं मिला है. अगर इस्तीफा आता है, तो संगठन के भीतर चर्चा होगी और महासचिव से पुनर्विचार करने का आग्रह किया जाएगा.
