छठ के बाद लौटने वालों के लिए रेलवे का खास इंतजाम, 44 स्टेशनों पर बन रहे बड़े होल्डिंग एरिया! GM ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

Samastipur Railway News: छठ पूजा के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने 44 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर बड़े होल्डिंग एरिया बनाने की तैयारी की है. यहां बैठने, पीने के पानी, शौचालय, जनता खाना, मेडिकल सुविधा और ट्रेन की जानकारी मिलेगी. जीएम डिंपी गर्ग ने समस्तीपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

ADVERTISEMENT

East Central Railway News
छठ पूजा को लेकर दुल्हन की तरह सज रहे स्टेशन, GM ने खुद लिया जायजा!
Google CTA

छठ पूजा के बाद दूसरे प्रदेशों में लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने तैयारियां तेज कर दी हैं. यात्रियों को स्टेशन पर होने वाली परेशानी से बचाने के लिए रेलवे की ओर से 44 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं. इस बार इन पंडालों का आकार पहले से बड़ा रखा गया है. यहां यात्रियों के बैठने, ट्रेन की जानकारी लेने, पानी और खाने जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है.

इसी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व मध्य रेल के जीएम डिंपी गर्ग ने अलग-अलग स्टेशनों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने समस्तीपुर रेलमंडल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर चल रहे इंतजामों को भी देखा और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. समस्तीपुर मंडल के जयनगर, रक्सौल, दरभंगा, सहरसा और समस्तीपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों को छठ पूजा के मद्देनजर सजाया जा रहा है. इन स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े-बड़े पंडाल तैयार किए जा रहे हैं.

44 स्टेशनों पर बन रहे होल्डिंग एरिया, मिलेंगी ये सुविधाएं

छठ पूजा के सुबह के अर्घ्य के बाद बड़ी संख्या में यात्री अपने कामकाज और रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों की ओर लौटते हैं. इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है. इसे व्यवस्थित करने के लिए पूर्व मध्य रेल के 44 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं. इन पंडालों में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी. यहां लगाए गए बड़े स्क्रीन पर ट्रेनों के आने और जाने की जानकारी प्रसारित की जाएगी. यात्रियों को टिकट और बर्थ से जुड़ी जानकारी देने के लिए वाणिज्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी. सुरक्षा के लिए आरपीएफ की टीम तैनात की जाएगी. दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

इसके अलावा होल्डिंग एरिया के पास शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था की जाएगी. यात्रियों को सस्ते दर पर जनता खाना भी उपलब्ध कराया जाएगा. रेलवे की योजना है कि ट्रेन आने की सूचना मिलने पर यात्रियों को होल्डिंग एरिया से व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म और ट्रेन तक पहुंचाया जाए.

जयनगर, रक्सौल, दरभंगा और समस्तीपुर से चलेंगी छठ स्पेशल ट्रेनें

छठ पूजा के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के अलग-अलग स्टेशनों से कई छठ पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. समस्तीपुर रेलमंडल के जयनगर, रक्सौल, दरभंगा, सहरसा और समस्तीपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से भी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा.

रेलवे के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार सबसे अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिए आरपीएफ, जीआरपी और स्काउट एंड गाइड की टीमों को भी लगाया जाएगा. ये टीमें यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाने में मदद करेंगी.

24 घंटे काम करेगा सेंट्रल कंट्रोल रूम

यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के संचालन पर नजर रखने के लिए पूर्व मध्य रेल में विशेष सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है. यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा. इसके साथ ही बड़े स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा सके. छठ पूजा के दिन से ट्रेन खुलने वाले स्टेशनों पर मेडिकल टीम के साथ 'May I Help You' काउंटर भी बनाए जाएंगे. इन काउंटरों के जरिए यात्रियों को जरूरी सहायता दी जाएगी. स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ जवानों और वाणिज्य कर्मियों की तैनाती भी की जा रही है.

स्टेशनों पर बजेंगे छठ के गीत, यात्रियों के मनोरंजन का भी इंतजाम

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के साथ उनके मनोरंजन का भी ध्यान रखा है. स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे हैं. ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों ने रेलवे की इस पहल और स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं की तारीफ की. स्टेशन पर स्वर्गीय शारदा सिन्हा के गीत सुनकर महिला यात्री भावुक भी नजर आईं.

पूर्व मध्य रेल के जीएम डिंपी गर्ग ने बताया कि 44 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सुबह का अर्घ्य देने के बाद दूसरे प्रदेशों में लौटने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो. उन्होंने बताया कि यात्रियों के लिए बैठने, पानी, शौचालय, जनता खाना, मेडिकल सुविधा और ट्रेनों की जानकारी देने जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. ट्रेन आने पर यात्रियों को होल्डिंग एरिया से व्यवस्थित तरीके से ट्रेन तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और वाणिज्य कर्मियों को भी लगाया गया है.