दरभंगा में रिश्तों का कत्ल: कुरकुरे का लालच देकर मासूम से दुष्कर्म, आरोपी नाना गिरफ्तार
बिहार के दरभंगा में 2 साल की मासूम से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी दूर का नाना विष्णुदेव सदाय मेला घुमाने के बहाने ले गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, DMCH में बच्ची का इलाज जारी. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

बिहार के दरभंगा में इंसानियत और पवित्र रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां दुर्गा पूजा का मेला घुमाने और कुरकुरे दिलाने का लालच देकर महज 2 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. हैवानियत को अंजाम देने वाला आरोपी कोई और नहीं, बल्कि रिश्ते में बच्ची का दूर का नाना लगता है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पीड़िता का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में चल रहा है.
कुरकुरे दिलाने के बहाने ले गया, रोती-बिलखती लौटी मासूम
मिली जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय आरोपी विष्णुदेव सदाय परिजनों को चकमा देकर मासूम बच्ची को मेला घुमाने और खाने-पीने की चीजें दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था. कुछ घंटों बाद जब वह बच्ची को वापस लेकर लौटा, तो मासूम दर्द से तड़प रही थी और बिलख-बिलख कर रो रही थी. बच्ची के शरीर से खून निकलता देख परिजनों के होश उड़ गए. परिजनों को तुरंत अनहोनी की आशंका हुई और पूछने पर पूरी हैवानियत का खुलासा हुआ. घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिससे पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया.
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णुदेव सदाय के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
दरभंगा सदर के एसडीपीओ-2 (SDPO-2) एस.के. सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पीड़िता के परिवार का ही रिश्तेदार (दूर का नाना) है. पीड़िता को तुरंत इलाज के लिए DMCH भेजा गया, जहां चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उसका उपचार जारी है. फिलहाल बच्ची की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस आगे की कानूनी और फॉरेंसिक प्रक्रिया में जुटी है.
आरोपी को फांसी देने की मांग
इस वीभत्स घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी गहरा आक्रोश है. 'हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा' (HAM) के दरभंगा जिलाध्यक्ष आर.के. दत्ता ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे बेहद दुखद और शर्मनाक बताया. उन्होंने मांग की है कि 2 साल की मासूम के साथ इस तरह का जघन्य अपराध करने वाले 48 वर्षीय अधेड़ आरोपी को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए. इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता और उसके पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा और समुचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
अनंत सिंह के 9 हत्या वाले बयान पर बोले आया प्रशांत किशोर का रिएक्शन, बोले- जांच करानी चाहिए !
