शराब नीति केस: क्या फिर पलटेगा खेल? केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची CBI, दी ये दलीलें
दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बरी करने के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ सीबीआई ने दिल्ली हाईकोर्ट में तीखी दलीलें पेश की हैं
ADVERTISEMENT

दिल्ली की बहुचर्चित आबकारी नीति मामले में कानूनी हलचल तेज हो गई है. अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य आरोपियों को निचली अदालत द्वारा बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है. हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से कड़ा रुख अपनाते हुए कई अहम तर्क दिए गए हैं.
हाईकोर्ट में सीबीआई की तीखी दलीलें
सुनवाई के दौरान सीबीआई की तरफ से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू ने जस्टिस सचिन दत्ता की अदालत में दलील दी कि निचली अदालत ने अपने क्षेत्राधिकार से आगे बढ़कर काम किया और मामले को शुरुआती स्तर पर ही समाप्त कर दिया, जबकि इस चरण में केवल यह देखा जाना चाहिए था कि मुकदमा चलाने का पर्याप्त आधार है या नहीं.
सीबीआई ने आरोप लगाया कि ट्रायल कोर्ट ने आरोप तय करने के चरण में ही सबूतों की गहराई से सूक्ष्म छानबीन (मिनी ट्रायल) कर दी, जबकि रिकॉर्ड पर आपराधिक साजिश के पर्याप्त सबूत मौजूद थे. जांच एजेंसी ने 27 फरवरी को दिए गए बरी करने के आदेश को पूरी तरह खारिज करने की मांग की है.
आगे की कानूनी प्रक्रिया और तारीखें
दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 9 और 10 दिसंबर की तारीख तय की है. इन दोनों दिनों में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य आरोपियों के वकील अपनी दलीलें पेश करेंगे. खास बात यह है कि बचाव पक्ष ने पहले ही सीबीआई की इस याचिका की स्वीकार्यता (म्यूजिबिलिटी) पर सवाल खड़े किए हैं, जिसके चलते सबसे पहले इसी तकनीकी और कानूनी बिंदु पर बहस होगी.
क्या है आबकारी नीति मामला?
- नीति की शुरुआत: दिल्ली की तत्कालीन सरकार द्वारा 17 नवंबर 2021 को नई आबकारी नीति लागू की गई थी.
- नीति वापसी: भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद सितंबर 2022 के अंत में इस नीति को रद्द कर दिया गया.
- जांच का दायरा: सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि नीति बनाते समय नियमों की अनदेखी की गई और चुनिंदा लाइसेंस धारकों को लाभ पहुंचाया गया. उपराज्यपाल की सिफारिश पर सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की और इसके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की.
- लोअर कोर्ट का फैसला: इसी साल 27 फरवरी को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और 21 अन्य आरोपियों को यह कहते हुए बरी कर दिया था कि अभियोजन पक्ष का मामला अदालत में टिक नहीं सका.
