Devpalik Gupta Death Case: ट्रेन से रहस्यमय ढंग से गायब हुए थे जन सुराज के डिजिटल मैनेजर, अब झारखंड के जंगल से मिला शव, जानें कौन हैं देवपालिक गुप्ता
Devpalik Gupta Death Case: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता, जो हाल ही में ट्रेन यात्रा के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे, उनका शव झारखंड के एक जंगल से बरामद किया गया है. पढ़ें पूरी खबर
ADVERTISEMENT

पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से गायब हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के एक जंगल से बरामद किया गया है. पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. करीब 31 साल के देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले थे और उन्होंने प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से पढ़ाई की थी. वह पिछले चार सालों से प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन से जुड़े हुए थे और पार्टी में एक अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के मुताबिक, देवपालिक सोमवार दोपहर रांची से पटना आ रही जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से अचानक लापता हो गए थे. जब उनके साथियों को वह ट्रेन में नहीं मिले तो सोमवार रात करीब 9 बजे ही इस संबंध में एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी. इसके बाद मंगलवार को उनका शव झारखंड के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग (मूरी के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक) इलाके की झाड़ियों से मिला.
पुलिस और प्रशासन का पक्ष
इस मामले पर बात करते हुए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि शुरुआती जांच में उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस की प्राथमिक आशंका यही है कि शायद वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए होंगे. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी कर ली है, ताकि रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह का साफ-साफ पता चल सके.
पार्टी ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
देवपालिक की अचानक हुई इस तरह से मौत के बाद जन सुराज पार्टी ने गहरी चिंता जताई है. पार्टी का कहना है कि अभी मौत की असली वजह साफ नहीं है और किसी भी साजिश से इनकार भी नहीं किया जा सकता. पार्टी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील की है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी वरिष्ठ अधिकारी से इसकी निष्पक्ष जांच करवाई जाए.
IIMC एलुम्नी एसोसिएशन ने भी जताया गहरा दुख
इस दुखद खबर पर IIMC के पूर्व छात्र संगठन यानी IIMC एलुम्नी एसोसिएशन ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है. एसोसिएशन के मुताबिक, देवपालिक गुप्ता (जो 2018-19 बैच के छात्र थे) घटना के वक्त अपने दो दोस्तों के साथ ट्रेन से रांची से पटना वापस लौट रहे थे. रेलवे ट्रैक के पास मिले उनके शव की शिनाख्त उनके भाई ने की है.
IIMC एलुम्नी एसोसिएशन ने इस अपूर्णीय क्षति पर उनके परिवार और दोस्तों को ढांढस बंधाया है और भगवान से उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है. इसके साथ ही, एसोसिएशन ने झारखंड पुलिस से पुरजोर अपील की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए और जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए.
कौन हैं देवपालिक गुप्ता
देवपालिक गुप्ता जन सुराज पार्टी के सोशल मीडिया 'बैक एंड टीम लीड' थे. लगभग 31 साल के देवपालिक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे और प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएमसी (IIMC) से पढ़े हुए थे. उन्होंने अपने करियर में 'द लल्लनटॉप' जैसे प्रमुख पोर्टल्स और कई बड़े समाचार पत्रों व चैनलों के साथ काम किया था. पिछले 4 वर्षों से वे पूरी निष्ठा के साथ जन सुराज के आधिकारिक पेजों और सोशल मीडिया अभियानों की कमान संभाल रहे थे.
ये भी पढ़ें: पटना MLC चुनाव मतगणना केंद्र के बाहर जबरदस्त हंगामा: कर्मचारियों से छीने गए दस्तावेज
