जापान से बिहार आई युवती ने रखा छठ व्रत, भोजपुरी में गाए छठी मैया के गीत
जापान की रहने वाली शिक्षिका काना मियामुरा बिहार के नवादा में छठ महापर्व मना रही हैं. भारतीय संस्कृति और छठ की परंपराओं से प्रभावित होकर उन्होंने नहाय-खाय के साथ व्रत शुरू किया. भोजपुरी में छठ गीत गाते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT

बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ की गूंज अब विदेशों तक पहुंच रही है. भारतीय संस्कृति और छठ की परंपराओं से प्रभावित होकर जापान की रहने वाली एक युवती बिहार के नवादा पहुंची हैं. यहां वह पूरे विधि-विधान से छठ महापर्व मना रही हैं. जापान की शिक्षिका काना मियामुरा ने नहाय-खाय के साथ छठ का कठिन अनुष्ठान शुरू किया है. खास बात यह है कि वह सिर्फ छठ की परंपराओं को देख नहीं रही हैं, बल्कि खुद व्रत रखकर इसे निभा भी रही हैं.
भोजपुरी में गा रहीं छठी मैया के पारंपरिक गीत
नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के पौटा गांव में काना मियामुरा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं. वह बिहारी रीति-रिवाज के अनुसार छठ पूजा कर रही हैं. इस दौरान उनका भोजपुरी में पारंपरिक छठ गीत गाने का वीडियो भी सामने आया है. जापान की रहने वाली युवती को भोजपुरी में छठी मैया के गीत गाते देखकर स्थानीय लोग भी काफी उत्साहित हैं. उनकी श्रद्धा और भारतीय लोक परंपराओं के प्रति लगाव लोगों का ध्यान खींच रहा है.
बौद्ध धर्म को मानती हैं कान्हा, सूर्य उपासना से हुईं प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, काना मियामुरा जापान के इबाराकी की रहने वाली हैं और पेशे से शिक्षिका हैं. वह भारत घूमने आई थीं. इस दौरान उन्होंने दक्षिण भारत के मीनाक्षी मंदिर और नवग्रह मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया. बौद्ध धर्म को मानने वाली कान्हा भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और भगवान सूर्य की उपासना से काफी प्रभावित हुईं. इसी यात्रा के दौरान उन्हें छठ महापर्व के बारे में जानने का मौका मिला.
एडवोकेट रंजन कुमार ने बताया छठ का महत्व, खुद व्रत रखने का लिया फैसला
नवादा के पिरौटा निवासी एडवोकेट रंजन कुमार ने काना मियामुरा को बिहार में मनाए जाने वाले छठ महापर्व की विशेषता और इसके कठिन अनुष्ठानों के बारे में बताया. छठ में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना, व्रत के नियमों और लोक आस्था से जुड़ी परंपराओं को जानने के बाद काना मियामुरा ने स्वयं यह व्रत करने का फैसला किया. इसके बाद वह बिहार पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से बिहारी रीति-रिवाज के अनुसार छठ महापर्व मना रही हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, विदेशी युवती की श्रद्धा की चर्चा
काना मियामुरा के छठ मनाने और भोजपुरी में पारंपरिक गीत गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एक जापानी युवती का बिहार आकर छठ का कठिन व्रत रखना और यहां की लोक परंपराओं को अपनाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. यह तस्वीर दिखाती है कि भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की परंपराएं देश की सीमाओं से परे भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं.
