जेदयू ने जारी की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी की सूची, नीतीश कुमार से लेकर निशांत कुमार तक को मिली जगह
JDU State Executive Committee: बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने प्रदेश कार्यकारिणी की नई सूची जारी कर संगठन का विस्तार किया है. प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की घोषित टीम में नीतीश कुमार, संजय कुमार झा, ललन सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ निशांत कुमार को भी जगह मिली है. जानिए नई कार्यकारिणी में कौन-कौन शामिल है.
ADVERTISEMENT

बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी की नई सूची जारी कर दी है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने नई प्रदेश कमेटी में कई वरिष्ठ नेताओं और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है. इस कार्यकारिणी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेंद्र प्रसाद यादव के नाम शामिल हैं.
नई प्रदेश कार्यकारिणी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार और निशांत कुमार को भी जगह दी गई है. इसके अलावा पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह और चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी का नाम भी कार्यकारिणी में शामिल किया गया है. इस सूची के जरिए जेडीयू ने अपने संगठन में वरिष्ठ नेताओं को साथ रखते हुए प्रदेश स्तर पर टीम को विस्तार देने की कोशिश की है.
नीतीश कुमार से लेकर निशांत कुमार तक को मिली जगह
जेडीयू की ओर से जारी प्रदेश कार्यकारिणी की सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का नाम सबसे ऊपर है. उनके साथ राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा को भी शामिल किया गया है. केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह भी नई कार्यकारिणी का हिस्सा हैं.
बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव को भी इसमें जगह मिली है. वहीं, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के अलावा मंत्री और विधायक दल के नेता श्रवण कुमार का नाम भी शामिल है. बिहार सरकार के मंत्री निशांत कुमार और पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को भी प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है.
तीन नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रदेश कमेटी के विस्तार के तहत उमेश सिंह कुशवाहा ने तीन नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. इनमें नालंदा के रामचरित्र सिंह, वैशाली के विजय साहनी और औरंगाबाद के विश्वनाथ सिंह शामिल हैं. इन नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी देकर प्रदेश स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने की कोशिश की गई है.
9 महासचिव और 11 सचिव बनाए गए
जेडीयू की नई प्रदेश कमेटी में महासचिव और सचिव स्तर पर भी विस्तार किया गया है. पार्टी ने कुल 9 नेताओं को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी है. इनमें विधायक रणधीर सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, अमर कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद डॉ. अजय कुमार, मुर्तजा अली कैसर, राजकुमार झा, रंगनाथ शर्मा और ओम प्रकाश सिंह सेतु के नाम शामिल हैं.
इसके अलावा मनीष कुमार को भी प्रदेश महासचिव बनाया गया है. उन्हें मुख्यालय प्रभारी आईटी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. वहीं, प्रदेश कमेटी में 11 नेताओं को सचिव बनाया गया है.
संगठन को विस्तार देने की तैयारी
जेडीयू की ओर से प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार ऐसे समय में किया गया है, जब पार्टी संगठन को प्रदेश स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है. नई सूची में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ अलग-अलग जिलों के नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है. प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से घोषित इस टीम में संगठन के अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की गई हैं. अब नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की होगी.
एक्शन में स्वास्थ मंत्री निशांत कुमार, ड्यूटी से लंबे समय तक गायब 11 डॉक्टरों पर कर दी बड़ी कार्रवाई
