Jyoti Singh का Pawan Singh पर बड़ा हमला, बोलीं- कानून से ऊपर समझने लगे हैं खुद को?
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के खिलाफ चल रहे मामले में कोर्ट में पेश नहीं होने पर ज्योति सिंह ने नाराजगी जताई है. उन्होंने पवन सिंह पर पद और पैसे की ताकत के दम पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता पवन सिंह एक बार फिर अपनी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में हैं. ज्योति सिंह से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान पवन सिंह के कोर्ट में पेश नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की. ज्योति सिंह का आरोप है कि बार-बार बुलाए जाने के बावजूद पवन सिंह न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं. उन्होंने इसे कानून और न्यायालय की गरिमा से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि इतने बड़े पद पर रहने वाले व्यक्ति को न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए.
'पैसे और पद के दम पर मुझे परेशान कर रहे पवन सिंह'
कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह इस लड़ाई को लड़ रही हैं और उन्हें बेहद अफसोस हो रहा है कि पवन सिंह जैसे बड़े पद पर बैठे व्यक्ति इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं. ज्योति सिंह ने आरोप लगाया कि पवन सिंह अपने पद और पैसे की ताकत के दम पर उन्हें परेशान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि करोड़ों लोग उन्हें सुनते और देखते हैं, ऐसे में उन्हें समाज के सामने एक जिम्मेदार उदाहरण पेश करना चाहिए.
'न्यायालय और कानून का मजाक बनाया जा रहा है'
ज्योति सिंह ने पवन सिंह की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार न्यायालय की ओर से बुलाए जाने के बावजूद उनका पेश नहीं होना निराशाजनक है. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को अपने पद या आर्थिक ताकत के कारण कानून से ऊपर नहीं समझना चाहिए. ज्योति सिंह ने सरकार से भी सवाल किया कि क्या ऐसे व्यक्ति को सरकारी पद पर बने रहने का अधिकार होना चाहिए, जो न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान नहीं कर रहा है.
वकील ने बताया- आज भी कोर्ट में नहीं आए पवन सिंह
इस मामले में ज्योति सिंह के अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार पांडे ने बताया कि पवन सिंह को सुनवाई के लिए न्यायालय में उपस्थित होना था. उनके मुताबिक, पिछली तारीख पर पवन सिंह पर 3,000 रुपये का कॉस्ट लगाया गया था, जिसे उनके अधिवक्ता के माध्यम से जमा करा दिया गया, लेकिन वह खुद न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए. वकील ने बताया कि अदालत में पवन सिंह की जिरह की प्रक्रिया जारी रही और अगली तारीख पर इसे पूरा किए जाने की संभावना है. इसके बाद विपक्षी पक्ष की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे.
सुरक्षा का हवाला देने पर भी उठाए सवाल
ज्योति सिंह के वकील ने पवन सिंह की सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें केंद्र सरकार की ओर से Y+ सुरक्षा मिली हुई है. इसके बावजूद उनके न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर सवाल उठाया. वकील के मुताबिक, पवन सिंह के अधिवक्ता की ओर से उनकी जान को खतरा होने की बात कही जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की सुनवाई आगे बढ़ रही है और अगली तारीख पर जिरह पूरी होने की उम्मीद है.
चार साल से चल रहा है पवन सिंह-ज्योति सिंह विवाद
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच वैवाहिक विवाद लंबे समय से चर्चा में है. इस मामले को लेकर ज्योति सिंह लगातार कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं. कोर्ट में पेशी को लेकर उठे सवालों के बीच ज्योति सिंह ने एक बार फिर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब एक तरफ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जाता है, तो दूसरी तरफ एक महिला को न्याय के लिए इतने लंबे समय तक क्यों भटकना पड़ रहा है. उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या ऐसे व्यक्ति को दिया गया पद उचित है?
