स्टेज पर परफॉर्म कर रहे भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव पर फेंकी चप्पल, भड़के सांसद पप्पू यादव ने दी चेतावनी!
पूर्णिया के खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव पर स्टेज पर चप्पल फेंकी गई. घटना के बाद सांसद पप्पू यादव का गुस्सा फूटा, वहीं खेसारी ने मंच से करारा जवाब दिया. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
ADVERTISEMENT

बिहार के पूर्णिया में आयोजित प्रसिद्ध खुर्दा महोत्सव के दौरान उस वक्त भारी हंगामा और अफरातफरी मच गई, जब मंच पर प्रस्तुति दे रहे भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार खेसारी लाल यादव पर भीड़ में से किसी ने चप्पल फेंक दी. इस अचानक हुई शर्मनाक घटना से जहां हर कोई हैरान रह गया, वहीं मंच पर मौजूद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
खेसारी ने मंच से ही दिया करारा जवाब
चप्पल फेंके जाने की इस घटना के बाद खेसारी लाल यादव कुछ पलों के लिए स्तब्ध रह गए. हालांकि, उन्होंने तुरंत अपना संयम बनाए रखा और गाना रोककर मंच से ही उस युवक पर तंज कसते हुए कड़ा जवाब दिया. खेसारी लाल यादव ने बेहद शांत लेकिन तीखे अंदाज में कहा कि बहुत अच्छा किया बेटा, आई लव यू! क्या लड़का है, तुम बहुत आगे जाओगे... इतने आगे कि वहां से जमीन नजर नहीं आएगी. जो लोग गलत करते हैं, मैं उनका भी सम्मान करता हूं, क्योंकि तुम्हारी इन गलतियों से ही दुनिया सीखेगी. खेसारी के इस बेबाक अंदाज और कड़े जवाब के बाद पंडाल में मौजूद बाकी फैंस ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया.
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
खुर्दा महोत्सव के मुख्य संरक्षक और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव इस हरकत पर पूरी तरह से भड़क उठे. उन्होंने मंच से ऐलान करते हुए कहा कि चप्पल फेंकने वाला आरोपी युवक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो चुका है और प्रशासन उसे दो दिनों के भीतर ढूंढ निकालेगा. इसके अलावा, कार्यक्रम के दौरान प्रशंसकों की बेकाबू दीवानगी भी देखने को मिली. कई लोग सुरक्षा को नजरअंदाज कर सीधे बिजली के खंभों पर चढ़ गए. यह देख पप्पू यादव का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने लोगों को जमकर फटकार लगाते हुए शो को तुरंत बंद करने की चेतावनी तक दे डाली.
हर साल दुर्गा पूजा पर आयोजित होता है भव्य महोत्सव
आपको बता दें कि पूर्णिया का यह खुर्दा महोत्सव हर साल दुर्गा पूजा के अवसर पर बेहद धूमधाम से आयोजित किया जाता है. इस पूरे आयोजन का जिम्मा और कमान सांसद पप्पू यादव खुद संभालते हैं. इस साल भी खेसारी लाल यादव के शो को देखने के लिए लाखों की संख्या में भीड़ उमड़ी हुई थी.
अब बस 3 घंटे में पहुंचे पटना से पूर्णिया, जानें नए एक्सप्रेसवे का पूरा रूट
