Manish Kashyap Marriage: मनीष कश्यप ने किया अपने रिश्ते का खुलासा, सोशल मीडिया पर शेयर की हमसफर की तस्वीर
राइज एंड फॉल शो से चर्चा में आए बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर अपने रिश्ते का खुलासा किया है. तस्वीर के साथ उन्होंने 'हमसफर' लिखा है. अब उनके चाहने वालों को शादी की तारीख का इंतजार है.
ADVERTISEMENT

बिहार के चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया सेंसेशन मनीष कश्यप एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार चर्चा किसी राजनीतिक बयान या सोशल मीडिया वीडियो को लेकर नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर हो रही है. मनीष कश्यप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एक तस्वीर शेयर की है. इस तस्वीर के साथ उन्होंने 'हमसफर' लिखा है और एक इमोजी भी लगाया है. उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
लंबे समय से हो रही थी मनीष कश्यप की शादी की चर्चा
मनीष कश्यप की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से सवाल पूछे जाते रहे हैं. उनके प्रशंसक जानना चाहते थे कि आखिर वह शादी कब करेंगे और उनकी जिंदगी में हमसफर की एंट्री कब होगी. उनकी मां भी कई मीडिया इंटरव्यू में बेटे की शादी और उसके लिए अच्छी बहू की तलाश का जिक्र कर चुकी हैं. अब मनीष की नई पोस्ट के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या परिवार की तलाश पूरी हो गई है?
'हमसफर' पोस्ट से रिश्ते को लेकर बढ़ीं अटकलें
मनीष कश्यप की ओर से शेयर की गई तस्वीर को उनके रिश्ते के खुलासे के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, उन्होंने अभी तक शादी की तारीख या शादी से जुड़ी दूसरी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. ऐसे में यह साफ होना बाकी है कि शादी कब होगी और इस रिश्ते को लेकर आगे की योजना क्या है. बिहार तक ने इस मामले में मनीष कश्यप से संपर्क करने की कोशिश की है. उनकी ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी.
सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग, हर मुद्दे पर रखते हैं अपनी बात
मनीष कश्यप बिहार के उन सोशल मीडिया चेहरों में शामिल हैं, जिनकी बातों और वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिक्रिया देते हैं. वह बिहार से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर लगातार वीडियो बनाते रहे हैं. बिहार के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से जुड़े मुद्दों पर भी वह अपनी बेबाक राय रखते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई है.
बीजेपी से जन सुराज तक रहा राजनीतिक सफर
सोशल मीडिया पर पहचान बनाने के बाद मनीष कश्यप ने राजनीति में भी कदम रखा. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी और दिल्ली में पार्टी के लिए प्रचार भी किया. हालांकि, बाद में उन्होंने बीजेपी से दूरी बना ली और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़ गए. उन्होंने पश्चिम चंपारण की चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके. चुनावी हार के बावजूद वह जन सुराज से जुड़े रहे और लगातार अपनी बात रखते रहे.
Rise And Fall शो में भी खूब बटोरी सुर्खियां
हाल के दिनों में मनीष कश्यप रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में हिस्सा लेने के कारण भी चर्चा में रहे. शो में उनकी मौजूदगी के दौरान कई घटनाक्रम और विवाद सुर्खियों में आए. करीब 40 दिनों तक शो का हिस्सा रहने के बाद वह बाहर आए और अपने अनुभवों को लेकर वीडियो भी साझा किया. इस शो ने उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता को एक बार फिर चर्चा में ला दिया.
अब शादी की तारीख का इंतजार कर रहे हैं प्रशंसक
मनीष कश्यप की 'हमसफर' वाली पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. लंबे समय से उनकी शादी को लेकर सवाल पूछने वाले लोगों को अब उनकी तरफ से आगे की जानकारी का इंतजार है. फिलहाल तस्वीर और पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर संकेत दिया है, लेकिन शादी की तारीख और समारोह से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है. अब देखना होगा कि मनीष कश्यप खुद कब अपनी शादी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ बताते हैं.
