25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी से पहले किसानों का ऐलान, जाम करेंगे सड़क! पता चली बड़ी वजह

Mokama News: मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी से पहले किसानों ने 25 नवंबर को ओटा-सिमरिया सिक्स लेन जाम करने का ऐलान किया है. किसानों का आरोप है कि एसटीपी के पानी और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से 500 एकड़ से अधिक खेतों में जलभराव हुआ है. जानिए किसानों के विरोध की वजह और प्रशासन का क्या है पक्ष.

ADVERTISEMENT

Mokama News
शिंवांगी की शादी के दिन किसानों ने किया सड़क जाम का ऐलान
Google CTA

सोशल मीडिया पर इस वक्त मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी छाई हुई है. शादी के हर फंक्शन से लेकर भोज के लिए हो रही तैयारियों की हर जगह चर्चा है. बताया जा रहा है कि शादी के खास मौके पर अनंत सिंह 5 लाख लोगों के खाने का इंतजाम कर रहे हैं. लेकिन इसी बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है. मोकामा क्षेत्र में जलभराव और फसल नुकसान से परेशान किसानों ने 25 नवंबर को ओटा-सिमरिया सिक्स लेन जाम करने की घोषणा की है. प्रभावित किसानों का कहना है कि खेतों व टाल क्षेत्र में पानी भरने से उनकी आजीविका पर संकट गहरा गया है, जबकि वर्षों से स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी कदमों व आश्वासनों तक ही बात सीमित रही है.

एसटीपी पानी, निकासी मार्ग और फसल नुकसान पर किसानों के दावे

किसानों का आरोप है कि मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के एसटीपी (STP) से जुड़े पानी और समुचित जलनिकासी मार्ग न होने के कारण पानी टाल व खेतों की ओर जा रहा है, जिससे दलहन जैसी फसलों को भारी क्षति पहुंच रही है. स्थानीय लोगों व किसानों के अनुसार, 2019 से यह समस्या बार-बार सामने आ रही है और वर्तमान में 500 एकड़ या उससे अधिक क्षेत्र में जलभराव से बुवाई प्रभावित होने के चलते 50 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई गई है. किसानों ने यह भी कहा कि दलहन क्षेत्र की प्रमुख फसल है, जिसकी बुवाई समय पर न होने से पूरे वर्ष की आय प्रभावित होती है.

ओटा, हथिदह, मरांची और आसपास के गांवों का प्रभाव

प्रभावित किसानों के मुताबिक, ओटा, हथिदह और मरांची सहित आसपास के गांवों व पंचायतों के हजारों किसान व खेतिहर परिवार इस स्थिति से प्रभावित हैं. किसानों का कहना है कि क्षेत्र में बड़े उद्योगों के अभाव में खेती और टाल की फसलें ही रोजी-रोटी का मुख्य आधार हैं, ऐसे में जलभराव से खेतों में कामकाज और आवाजाही में भी दिक्कतें आती हैं. पूर्व के आंदोलनों और आश्वासनों के बावजूद ठोस निकासी व्यवस्था न बनने को लेकर किसानों में असंतोष देखा जा रहा है.

प्रशासन का पक्ष और 25 नवंबर की तैयारी

दूसरी ओर, प्रशासन और बुडको (BUIDCO) से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले से पानी आता रहा है और स्थिति के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है. वहीं, किसानों ने साफ किया है कि उनकी मांग स्थायी जलनिकासी व फसल सुरक्षा को लेकर है और यदि समाधान की ठोस रूपरेखा सामने नहीं आई, तो वे 25 नवंबर को सिक्स लेन जाम कर विरोध जताएंगे. अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि 25 नवंबर को अनंत सिंह की छोटी बेटी की शादी के दिन आखिर क्या किसानों कि समस्या का समाधान निकलता है.

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की हल्दी रस्म का वीडियो वायरल, संगीत समारोह में गायक पर हुई नोटों की बारिश