मोतिहारी में भैंस को लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान

बिहार के मोतिहारी में एक बुजुर्ग अपनी भैंस को लेकर कोटवा थाने पहुंच गया. उसने अपने ही बेटे और बहू पर भैंस की बेरहमी से पिटाई और जान लेने की कोशिश का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ADVERTISEMENT

Motihari news
Motihari news
Google CTA

बिहार के मोतिहारी में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर दिया. यहां एक बुजुर्ग अपनी भैंस को लेकर थाने पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की शिकायत दर्ज कराने की मांग करने लगा. मामला कोटवा थाना क्षेत्र का है, जहां कजिया गांव के रहने वाले रामाधार सहनी अपनी भैंस के साथ न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे. थाने में भैंस को अपने मालिक के साथ देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए.

बेटे और बहू पर भैंस की पिटाई का आरोप

रामाधार सहनी का आरोप है कि उनके ही परिवार के कुछ लोगों ने भैंस की बुरी तरह पिटाई की और उसे जान से मारने की कोशिश भी की. उन्होंने इस घटना के लिए अपने बेटे और बहू को जिम्मेदार ठहराया है. बुजुर्ग के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच के बाद वापस लौट गई. हालांकि, कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर वह अपनी भैंस को लेकर सीधे कोटवा थाने पहुंच गए और पुलिस से न्याय की मांग करने लगे.

जमीन विवाद में उलझा है परिवार, आरोपियों ने किया इनकार

इस पूरे मामले के पीछे परिवार का पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है. स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, रामाधार सहनी के छह बेटे हैं. इनमें से चार बेटों और बहुओं के साथ जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा है. रामाधार का आरोप है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते उनकी भैंस को निशाना बनाया गया. वहीं, दूसरी तरफ आरोपित पक्ष का कहना है कि भैंस की पिटाई नहीं की गई है. उनके मुताबिक, पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है.

भैंस की मेडिकल जांच, पुलिस ने कही कार्रवाई की बात

मामले की गंभीरता को देखते हुए भैंस की मोबाइल वेटरनरी टीम से मेडिकल जांच भी कराई गई. वहीं, कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि यह पिता और बेटों के बीच का विवाद है. पिता ने अपनी जमीन एक ही बेटे के नाम रजिस्ट्री कर दी है, जिसके बाद परिवार में विवाद चल रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष के मुताबिक, जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

बेजुबान जानवर के साथ मारपीट के आरोप ने खड़े किए सवाल

इस मामले में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा बुजुर्ग अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ उसकी भैंस भी मौजूद थी. एक बेजुबान जानवर के साथ कथित मारपीट की शिकायत को लेकर थाने पहुंचे बुजुर्ग का वीडियो अब चर्चा में है. फिलहाल सबकी नजर पुलिस जांच पर है. यह देखना होगा कि मेडिकल जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है.