रील्स बनाने का नशा पड़ा महंगा, सड़क पर हाथ छोड़कर बाइक दौड़ा रही थी युवती, गिर गई गाज

नवादा में चलती बाइक पर हाथ छोड़कर रील्स बना रही युवती नीलम कुमारी पर ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. 12,000 का चालान काटने के साथ ही पुलिस ने बाइक सीज की. पढ़ें पूरी खबर.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

बिहार के नवादा में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करना एक युवती को भारी पड़ गया. चलती बाइक पर बिना हैंडल पकड़े रील्स बनाना न केवल कानूनन अपराध साबित हुआ, बल्कि यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती पर भारी-भरकम जुर्माना भी ठोक दिया.

नो हैंड्स स्टंट का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवती चलती हुई बाइक का हैंडल छोड़कर कैमरे के सामने अलग-अलग पोज देती नजर आ रही थी. सड़क पर इस तरह का जानलेवा स्टंट न सिर्फ युवती के लिए, बल्कि वहां से गुजर रहे अन्य राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक था. वीडियो वायरल होने के बाद मामला नवादा ट्रैफिक पुलिस की इंटरनेट मीडिया सेल के संज्ञान में आया. इसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रही बाइक के नंबर प्लेट के जरिए तुरंत वाहन मालिक का नाम और पता निकाला.

कादिरगंज की नीलम कुमारी निकली 'रीलबाज'

जांच में पता चला कि बाइक चला रही युवती नवादा के कादिरगंज की रहने वाली नीलम कुमारी है. यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक और नीलम कुमारी को थाने तलब किया. थाने पहुंचते ही पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए:

  • बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया.
  • यातायात नियमों के उल्लंघन पर 12,000 रुपये का चालान जारी किया.

थाने में मांगी माफी, पुलिस ने दी चेतावनी

थाने बुलाए जाने के बाद नीलम कुमारी को अपनी गलती का अहसास हुआ. उन्होंने अपनी इस हरकत के लिए पुलिस प्रशासन से लिखित और मौखिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में दोबारा कभी इस तरह के खतरनाक स्टंट न करने का वादा किया.

यातायात पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए युवाओं को सख्त संदेश दिया है. पुलिस प्रशासन ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सिर्फ थोड़े से व्यूज और रील्स के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पूरी तरह से पालन करें.

आरा में रामकुमार सिंह की हत्या: 14 कट्ठा जमीन विवाद, पत्नी के गंभीर आरोप, CO और थानेदार पर लगाए आरोप