नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे नीरज कुमार, अनंत सिंह को लेकर दिया बड़ा बयान

MLC Election: पटना स्नातक सीट से जीत के बाद नीरज कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान अनंत सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार बोले- अब कोई इश्यू नहीं है.

ADVERTISEMENT

neeraj kumar and anant singh news
neeraj kumar and anant singh news
Google CTA

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत के बाद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस मुलाकात के दौरान नीरज कुमार ने नीतीश कुमार को अपना नेता ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत अभिभावक भी बताया. वहीं, अनंत सिंह को लेकर चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि अब यह कोई इश्यू नहीं है. नीरज कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार ने उन्हें आशीर्वाद दिया और कहा कि जाकर अपना सर्टिफिकेट लो. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के आशीर्वाद और उनकी खुशी से उन्हें सुकून मिला. 

अब कोई इश्यू नहीं है अनंत सिंह को लेकर- नीरज कुमार 

नीरज कुमार ने इस दौरान नीतीश कुमार के भाई सतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री और निशांत कुमार से भी मुलाकात की. उन्होंने कहा कि इन सभी का आशीर्वाद ही उनकी पूंजी है. अनंत सिंह के लगातार चर्चा में रहने और उनके साथ जुड़े विवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा, अब कोई इश्यू नहीं है उस पर. उनके इस बयान को चुनाव के दौरान अनंत सिंह और जेडीयू के बीच पैदा हुए विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है. गौरतलब है कि पटना स्नातक सीट के चुनाव के दौरान अनंत सिंह द्वारा जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन को लेकर विवाद हुआ था. इस मामले में जेडीयू ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई भी की थी. अब चुनाव में जीत के बाद नीरज कुमार ने इस पूरे प्रकरण को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए इसे गैर-मुद्दा बताया है.

कार्यकर्ताओं की जीत बताया चुनाव परिणाम

नीरज कुमार जेडीयू कार्यालय भी पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. उन्होंने अपनी जीत को कार्यकर्ताओं की ताकत से जोड़ते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि वे उनके लिए संघर्ष करेंगे. नीरज कुमार ने कहा, धन बल और बाहुबल की हार हुई, कार्यकर्ता बल की जीत हुई. इस तरह उन्होंने अपने चुनावी नतीजे को कार्यकर्ताओं की जीत बताया. नीतीश कुमार से मुलाकात और उनके आशीर्वाद के बाद नीरज कुमार के बयान में दो बातें प्रमुख रहीं. एक तरफ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों का जिक्र किया, तो दूसरी तरफ अनंत सिंह प्रकरण को अब कोई मुद्दा नहीं बताया. ऐसे में चुनाव के दौरान जेडीयू के भीतर चर्चा में रहे इस विवाद पर नीरज कुमार का यह बयान अहम माना जा रहा है.