निशांत को CM बनाने का ऑफर, क्या JDU फिर पलटेगी पाला? बिहार की बदली सियासत में क्यों आसान नहीं है राह

आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने निशांत कुमार को महागठबंधन में आने और मुख्यमंत्री बनने का ऑफर दिया है. लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में क्या जेडीयू के लिए फिर पाला बदलना आसान होगा? जानिए, इस ऑफर के पीछे की सियासत और बदलते समीकरण.

ADVERTISEMENT

Nishant Kumar offer
निशांत कुमार, स्वास्थ्य मंत्री, बिहार सरकार
Google CTA

बिहार की राजनीति में एक बार फिर पाला बदलने और सत्ता के नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है. आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और जेडीयू नेता निशांत कुमार को महागठबंधन में आने का खुला ऑफर दिया है. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अपने विधायकों के साथ महागठबंधन में आ जाएं तो उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. अभय कुशवाहा ने अपने बयान में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव का जिक्र करते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं ने नीतीश कुमार को कई बार मुख्यमंत्री बनाया है. अब निशांत कुमार की बारी है. अगर वह महागठबंधन के साथ आते हैं तो उन्हें भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

सुनने में लुभावना है ऑफर, लेकिन क्या है मौजूदा राजनीतिक स्थिति?

अभय कुशवाहा का यह ऑफर सुनने में भले ही आकर्षक लगे, लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीति में इसे अमल में लाना इतना आसान नहीं दिखता. दरअसल, पिछले 8-10 महीनों में बिहार की राजनीति में काफी बदलाव आया है. सत्ता का केंद्र बदल चुका है और भारतीय जनता पार्टी अब मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज है. ऐसे में जेडीयू के लिए महागठबंधन के साथ जाकर सरकार बनाने का फैसला लेना पहले की तुलना में ज्यादा मुश्किल हो सकता है.

नीतीश कुमार की राजनीति में थी पाला बदलने की खास रणनीति

बिहार की राजनीति के पिछले दो दशक नीतीश कुमार के इर्द-गिर्द घूमते रहे हैं. जेडीयू के पास अपने दम पर बहुमत नहीं होने के बावजूद नीतीश कुमार ने गठबंधन की राजनीति के सहारे लंबे समय तक मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली. कभी बीजेपी के साथ तो कभी आरजेडी के साथ, उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों के मुताबिक अपने सहयोगी बदले. साल 2013 में बीजेपी से अलग होने, 2017 में फिर एनडीए में लौटने, 2022 में आरजेडी के साथ सरकार बनाने और 2024 में दोबारा बीजेपी के साथ आने का फैसला उनकी इसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा रहा.नीतीश कुमार की खासियत यह रही कि गठबंधन बदलने के बावजूद मुख्यमंत्री की कुर्सी पर उनकी पकड़ बनी रही. सहयोगी दलों के पास ज्यादा विधायक होने के बावजूद वह सत्ता की राजनीति में अपनी शर्तों पर फैसले लेने की क्षमता रखते थे. लेकिन मौजूदा दौर में उनकी सक्रियता और जेडीयू के भीतर पहले जैसी पकड़ को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

अब पहले जैसे सक्रिय नहीं रहे नीतीश कुमार

बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका पहले जैसी नहीं रह गई है. वह अब पहले की तरह राजनीतिक फैसलों में सक्रिय नजर नहीं आते. यही वजह है कि उनके पुराने राजनीतिक दौर और मौजूदा हालात के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है. अगर नीतीश कुमार पहले की तरह पूरी तरह सक्रिय होते तो शायद गठबंधन के समीकरणों को लेकर स्थिति कुछ और होती. लेकिन अब उनके बेटे निशांत कुमार के सामने वही राजनीतिक परिस्थितियां नहीं हैं, जिनमें नीतीश कुमार अपने दम पर बड़े फैसले लिया करते थे.

निशांत कुमार के पास विरासत में है नीतीश का वोट बैंक

निशांत कुमार भले ही राजनीति में देर से आए हों, लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी ताकत नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत है. पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार ने कुर्मी, कोइरी, कुशवाहा, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित वर्गों के बीच अपना मजबूत राजनीतिक आधार तैयार किया है. यह वोट बैंक आज भी काफी हद तक जेडीयू की राजनीतिक ताकत माना जाता है. नीतीश कुमार की सक्रियता कम होने के बाद जेडीयू के समर्थकों की उम्मीदें निशांत कुमार से जुड़ने लगी हैं. इस लिहाज से निशांत पार्टी के लिए एक बड़े चेहरे के रूप में उभर रहे हैं. जिस तरह तेजस्वी यादव को लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत और एमवाई समीकरण का लाभ मिलता है, उसी तरह निशांत कुमार को भी अपने पिता की बनाई राजनीतिक जमीन का फायदा मिल सकता है.

राजनीति में नए हैं निशांत, नीतीश जैसी राजनीतिक समझ आने में लगेगा वक्त

हालांकि, राजनीतिक विरासत मिलना और उस विरासत को अपने दम पर संभालना दो अलग-अलग बातें हैं. निशांत कुमार लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहे. उनके पिता जब बिहार के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने राजनीति में आने से परहेज किया. अब राजनीति में आने के बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली है और वह अपनी राजनीतिक भूमिका को समझने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन नीतीश कुमार की तरह तेजतर्रार राजनीतिक फैसले लेने और गठबंधन की राजनीति में अपनी शर्तें मनवाने के लिए निशांत को अभी लंबा सफर तय करना होगा. फिलहाल उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखा जा रहा है, जिनसे जेडीयू को भविष्य की उम्मीदें हैं, लेकिन उनके पास अभी नीतीश कुमार जैसा राजनीतिक अनुभव और प्रभाव नहीं है.

जेडीयू में भी पहले जैसी नहीं दिख रही नीतीश कुमार की पकड़

निशांत कुमार के लिए एक और बड़ी चुनौती जेडीयू के भीतर की मौजूदा स्थिति है. नीतीश कुमार के राजनीतिक रूप से बेहद सक्रिय रहने के दौर में पार्टी के अंदर उनके फैसले अंतिम माने जाते थे. किसे पार्टी में रखना है और किसके खिलाफ कार्रवाई करनी है, इस पर उनका नियंत्रण साफ दिखाई देता था.लेकिन हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों में पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए हैं. एमएलसी चुनाव के दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच टकराव इसका उदाहरण रहा. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के विरोध में जन सुराज प्रत्याशी का समर्थन किया था. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की कोशिशों के बावजूद विवाद थमता नहीं दिखा. इससे जेडीयू के भीतर नेतृत्व और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठे हैं.

बीजेपी के मजबूत होने से बदल गया सत्ता का समीकरण

आज बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी बीजेपी के पास है. ऐसे में सत्ता और सरकार की कमान भी बीजेपी के हाथों में है. जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार हैं, जबकि संजय कुमार झा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका में हैं. वहीं, ललन सिंह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं. पार्टी के इन नेताओं के राजनीतिक समीकरण भी मौजूदा गठबंधन की स्थिति को प्रभावित करते हैं. ऐसे में जेडीयू के लिए महागठबंधन में जाने का फैसला केवल मुख्यमंत्री पद के ऑफर से तय नहीं होगा. इसके लिए पार्टी के भीतर सहमति, विधायकों का समर्थन और भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं को भी देखना होगा.

संख्या बल भी नहीं दे रहा पाला बदलने की आसान राह

नीतीश कुमार के पुराने राजनीतिक दौर में जेडीयू और आरजेडी के साथ आने से सरकार बनाने का गणित आसानी से बन जाता था. 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद जेडीयू के पास 43 और महागठबंधन के पास 110 विधायक थे. दोनों खेमों के साथ आने से बहुमत का आंकड़ा पार करना संभव था. लेकिन अब विधानसभा में संख्या बल का समीकरण पहले जैसा नहीं है. जेडीयू और महागठबंधन के एक साथ आने पर भी बहुमत के लिए अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में केवल निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर देकर सरकार बनाने का रास्ता आसान नहीं होने वाला है.

अभय कुशवाहा का ऑफर कितना होगा असरदार?

अभय कुशवाहा ने निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का जो ऑफर दिया है, वह बिहार की राजनीति में एक नई बहस जरूर छेड़ता है. इसके जरिए आरजेडी जेडीयू के भविष्य और नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को लेकर भी संदेश देने की कोशिश कर रही है. लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में निशांत कुमार के लिए अपने विधायकों को लेकर महागठबंधन में जाना और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचना आसान नहीं दिखता.नीतीश कुमार के दौर में गठबंधन बदलना जेडीयू की ताकत हुआ करता था, लेकिन अब पार्टी के सामने नेतृत्व, संगठन और संख्या बल की चुनौतियां हैं. ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या निशांत कुमार अपने पिता की तरह बिहार की राजनीति में कोई बड़ा सियासी दांव चल पाएंगे या अभय कुशवाहा का यह ऑफर फिलहाल राजनीतिक बयानबाजी तक ही सीमित रहेगा?