बाढ़ में नॉनवेज पार्टी के दौरान 1 पैक पीते ही ढह गए 4 युवक, डिप्टी CM विजय सिन्हा पहुंचे
पटना जिले के बाढ़ स्थित बेढ़ना गांव के सैदपुर टोला में सावन खत्म होने के बाद नॉनवेज पार्टी के दौरान संदिग्ध शराब पीने से 4 युवकों की मौत हो गई. 1 पैक पीते ही चारों बेसुध होकर गिर पड़े. परिजनों ने पटना-बरौनी फोरलेन जाम किया. डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने भी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिया है.
ADVERTISEMENT

शराबबंदी वाले राज्य बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बेढ़ना गांव (सैदपुर टोला) में सावन का महीना खत्म होते ही आयोजित की गई एक नॉनवेज पार्टी मातम और चीख-पुकार में बदल गई. रविवार की छुट्टी के दिन एक साथ बैठकर मछली-रोटी खा रहे और कथित तौर पर शराब की चुस्की ले रहे चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतकों की पहचान शशि कुमार, निशु कुमार, विकास राम और पंकज सिंह के रूप में हुई है. चारों युवक एनटीपीसी (NTPC) में काम करते थे और छुट्टी का दिन होने के कारण सावन समाप्त होने की खुशी में एक जगह इकट्ठा हुए थे.
