'छोटे से कमरे में 40 लोगों का खाना बनाया, भूखा नहीं रहने देंगे...'; गर्दनीबाग में मसीहा बनीं महिला ने क्या कहा?
पटना के गर्दनीबाग में शिक्षक भर्ती TRE-4 और BSSC के नियमों में बदलाव के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच महिला अभ्यर्थियों ने एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश की. लॉज के छोटे से कमरे में 40 लोगों का खाना बनाकर धरना स्थल पहुंचीं छात्राओं ने आंदोलनकारियों को भोजन कराया और सरकार से पुरानी प्रणाली से परीक्षा कराने की मांग की.
ADVERTISEMENT

बिहार में शिक्षक बहाली (TRE-4), बीएसएससी (BSSC) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया में अचानक किए गए बदलावों को लेकर राजधानी पटना का गर्दनीबाग धरना स्थल अभ्यर्थियों के आक्रोश और अनिश्चितकालीन आंदोलन का मुख्य केंद्र बना हुआ है. भीषण गर्मी, उमस और सरकारी उदासीनता के बीच गर्दनीबाग में डटे आंदोलनकारियों के समर्थन में अब राज्य की छात्राएं और महिला अभ्यर्थी भी ढाल बनकर खड़ी हो गई हैं. रविवार को गर्दनीबाग धरना स्थल से छात्र एकजुटता और मानवीय संवेदना की एक बेहद भावुक और प्रेरक तस्वीर सामने आई, जब पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राएं अपने लॉज के छोटे से कमरे में करीब 35 से 40 अभ्यर्थियों के लिए खुद अपने हाथों से खाना पकाकर धरना स्थल पहुंचीं.
