Patna Encounter: मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, तीन की मौत, थानाध्यक्ष को लगी गोली

Patna Encounter: पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई, इस दौरान दोनों तरफ से करीब 40 राउंड गोलियां चलीं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 3 आरोपियों के मारे जाने की खबर है. एनकाउंटर के बाद SSP ने पूरे मामले पर क्या बताया? पढ़िये पूरी खबर

ADVERTISEMENT

Patna Encounter News
Patna Encounter News
Google CTA

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. गंगा नदी किनारे अपराधियों के जुटने की सूचना पर STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी. पुलिस के मुताबिक, वहां आधा दर्जन से अधिक अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे.

पुलिस टीम पर अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग में मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की.

दोनों तरफ से चलीं 40 से अधिक राउंड गोलियां

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई, जबकि अपराधियों की ओर से करीब 24 से 25 राउंड गोलियां चलाई गईं. इस तरह दोनों तरफ से 40 से अधिक राउंड फायरिंग हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन लोगों की मौत हो गई.

जेपी यादव, बब्लू कुमार और राजा शर्मा की मौत

मुठभेड़ में मारे गए तीन लोगों की पहचान जेपी यादव, बब्लू कुमार और राजा शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और गोलियां बरामद की हैं. वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए.

अष्टमी के दिन हुई हत्या में भी थी तलाश

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए तीनों लोगों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. हाल ही में मनेर में अष्टमी के दिन हुई हत्या की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी. पुलिस इस हत्याकांड में तीनों को वांछित मान रही थी. इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत अन्य थानों में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज थे.

घायल थानाध्यक्ष का इलाज, फरार लोगों की तलाश तेज

मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है. घायल मनेर थानाध्यक्ष का इलाज कराया जा रहा है. वहीं, फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. घटनास्थल की जांच और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

इनपुट- मनोज कुमार  सिंह, संवाददाता