'55 से घटाकर 43 साल की उम्र और PhD का वेटेज भी कम किया...' पटना में सड़क पर उतरे PhD होल्डर्स
असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली की नई नियमावली 2026 के विरोध में पटना के आर-ब्लॉक पर सैकड़ों पीएचडी शोधार्थियों ने लोक भवन मार्च निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया. 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे कुमुद पटेल के समर्थन में उतरे शोधार्थियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई. प्रदर्शनकारियों ने अधिकतम उम्र सीमा 43 से बढ़ाकर 55 वर्ष करने और यूजीसी 2018 के तहत 30 अंक पीएचडी वेटेज बहाल करने की मांग की.
ADVERTISEMENT

Patna Protest
बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अभ्यर्थियों और युवाओं के भयंकर आक्रोश की आग में झुलस रही है. नीट पेपर लीक और शिक्षक बहाली (TRE-4) के मुद्दों पर छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद अब राज्यभर के पीएचडी शोधार्थी और रिसर्च स्कॉलर्स सड़कों पर उतर आए हैं. शनिवार को 'ऑल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्च स्कॉलर्स एसोसिएशन ऑफ बिहार' के बैनर तले सैकड़ों शोधार्थियों ने अपनी 6 सूत्री मांगों को लेकर लोक भवन घेराव के लिए मार्च निकाला. हालांकि, पटना के आर-ब्लॉक गोलंबर पर पुलिस ने डबल बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और बज्र दंगा नियंत्रण वाहनों की मदद से भारी पुलिस बल तैनात कर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच भयंकर नोकझोंक देखने को मिली.
