पटना में यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम में बवाल: बिट्टू राज की '56 साल' वाली टिप्पणी पर भड़के समर्थक, पप्पू यादव पर तंज का आरोप

बिहार की राजधानी पटना में यूथ कांग्रेस के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान भारी हंगामा हो गया. नवनिर्वाचित अध्यक्ष बिट्टू राज की 56 साल के उम्मीदवार वाली टिप्पणी को पप्पू यादव पर तंज मानते हुए मनीष यादव के समर्थकों ने नाराजगी जताई.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

बिहार की राजधानी पटना में आयोजित यूथ कांग्रेस का एक कार्यक्रम उस वक्त अफरातफरी और हंगामे में बदल गया, जब नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष बिट्टू राज की एक विवादित टिप्पणी पर पार्टी के भीतर ही गुस्सा भड़क उठा. पदभार ग्रहण समारोह के दौरान बिट्टू राज ने मंच से कहा कि उन्होंने 35 साल के नहीं, बल्कि 56 साल के उम्मीदवार को चुनाव में हराया है. इस बयान को सीधे तौर पर सांसद पप्पू यादव पर तंज के रूप में देखा गया, जिसके बाद उपाध्यक्ष मनीष यादव के समर्थक भड़क गए और देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर दोनों पक्षों के बीच तीखा टकराव शुरू हो गया.

चुनाव की हार के बाद उम्र पर तंज से भड़की चिंगारी

दरअसल, यूथ कांग्रेस के हालिया संगठनात्मक चुनाव में मनीष यादव ने भी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की थी. उन्हें सांसद पप्पू यादव का समर्थन प्राप्त था, लेकिन चुनावी मुकाबले में उन्हें बिट्टू राज के हाथों हार का सामना करना पड़ा. पदभार ग्रहण के दौरान बिट्टू राज द्वारा उम्र को लेकर की गई टिप्पणी ने पुराने जख्मों को हरा कर दिया. पप्पू यादव के समर्थकों का आरोप है कि भले ही बिट्टू राज ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा स्पष्ट रूप से पप्पू यादव की ओर ही था.

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थक आए आमने-सामने

बिट्टू राज के इस बयान के बाद उपाध्यक्ष मनीष यादव और उनके समर्थकों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. समर्थकों का मानना था कि 56 साल के उम्मीदवार का जिक्र कर पप्पू यादव और उनके खेमे को नीचा दिखाने की कोशिश की गई है. इसी बात को लेकर कार्यक्रम में नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थक आमने-सामने आ गए. मंच से शुरू हुई इस खींचतान ने यूथ कांग्रेस के अंदरूनी गुटबाजी और मतभेदों को खुलकर सामने ला दिया.

सदाकत आश्रम की घटना के अगले दिन फिर विवाद

गौरतलब है कि पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में एक दिन पहले ही एक अन्य विवाद सामने आया था, जहां पप्पू यादव के समर्थकों पर मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था. इसके ठीक अगले दिन यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के समर्थकों के बीच हुई इस भिड़ंत ने पार्टी की चिंताएं बढ़ा दी हैं. लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने पटना में कांग्रेस के आयोजनों और अनुशासन को लेकर सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है.

नीतीश सेतु के उद्घाटन में तेजस्वी यादव को न्योता, विधायक के तौर पर बुलाने पर RJD ने उठाए सवाल