पटना में यूट्यूबर के कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर भड़के युवा, बीजेपी दफ्तर पर की पत्थरबाजी
बिहार की राजधानी पटना के वीर चंद पटेल पथ पर रविवार को यूट्यूबर आर्यन केल्विन के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और बीजेपी कार्यालय पर पत्थरबाजी की. मिलर स्कूल ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति न मिलने से युवा नाराज थे.
ADVERTISEMENT

बिहार की राजधानी पटना में रविवार को उस वक्त अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया, जब वीर चंद पटेल पथ पर यूट्यूबर आर्यन केल्विन के समर्थकों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया. भीड़ के इस उपद्रव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी भी की गई. जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में युवा इस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को सुनने और देखने के लिए पटना पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति न दिए जाने के बाद उनका गुस्सा भड़क उठा.
मिलर स्कूल ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति न मिलने से भड़का आक्रोश
बताया जा रहा है कि यूट्यूबर आर्यन केल्विन का कार्यक्रम पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया गया था. इस आयोजन में बहुत बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की आशंका थी. संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं दी. जैसे ही यह बात वहां पहुंचे इन्फ्लुएंसर के समर्थकों को पता चली, वे नाराज हो गए और प्रशासन के फैसले का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे.
वीर चंद पटेल पथ पर मचा कोहराम, बीजेपी कार्यालय पर रोड़ेबाजी
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और वीर चंद पटेल पथ पर चारों तरफ अफरातफरी मच गई. हंगामा बढ़ने के साथ ही उपद्रवियों ने सड़क किनारे स्थित बीजेपी दफ्तर को निशाना बनाते हुए जमकर रोड़ेबाजी की. अचानक हुई पत्थरबाजी की इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस उपद्रव में कुल कितने लोग शामिल थे और पत्थरबाजी की इस घटना में किसी को चोट आई है या नहीं.
