कोर्ट ने पवन सिंह पर लगा जुर्माना, भड़कीं पत्नी ज्योति सिंह ने दी सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी
भोजपुरी स्टार पवन सिंह के बलिया परिवार न्यायालय में पेश न होने पर जुर्माना लगा है. पत्नी ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर कोर्ट का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया और सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी दी. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह की कानूनी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. बलिया परिवार न्यायालय (Family Court) में पत्नी ज्योति सिंह द्वारा दर्ज कराए गए भरण-पोषण और तलाक से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान पवन सिंह एक बार फिर कोर्ट में हाजिर नहीं हुए. कोर्ट में बार-बार अनुपस्थित रहने पर जज ने नाराजगी जताते हुए गायक-अभिनेता पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया है.
कोर्ट में पहुंचीं पत्नी ज्योति सिंह
सुनवाई की तारीख पर ज्योति सिंह अदालत परिसर में खुद मौजूद थीं, लेकिन पवन सिंह नहीं पहुंचे. पवन सिंह के वकील ने कोर्ट में उनकी मां के इलाज से जुड़े मेडिकल दस्तावेज पेश करते हुए दलील दी कि मां की तबीयत खराब है, जिस कारण वे हाजिर नहीं हो सके. इसके साथ ही पवन सिंह के पक्ष से मामले को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने के लिए एक आवेदन भी कोर्ट में जमा किया गया.
'नहीं मिला इंसाफ तो जाऊंगी सुप्रीम कोर्ट'
कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह काफी भावुक और आक्रामक नजर आईं. उन्होंने कहा कि पवन सिंह ने कानून और कोर्ट को मजाक बनाकर रख दिया है. उन्हें हर बार समन भेजा जाता है, लेकिन वे हाजिर नहीं होते. उन्हें लगता है कि सब कुछ उनके इशारों पर चलेगा. केस को चलते 4 साल बीत चुके हैं. मुझे देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. मैं आज भी उनके साथ रहने को तैयार हूं, लेकिन अगर मुझे यहां न्याय नहीं मिला तो मैं सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाऊंगी.
2018 में हुई थी शादी, 2022 से चल रहा है विवाद
गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 6 मार्च 2018 को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में कड़वाहट आ गई और वे अलग-अलग रहने लगे. साल 2022 में ज्योति सिंह ने कोर्ट का रुख करते हुए भरण-पोषण और प्रताड़ना से जुड़े आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया.
जहां पवन सिंह कानूनी रूप से तलाक चाहते हैं, वहीं ज्योति सिंह साथ रहने या सम्मानजनक भरण-पोषण भत्ता दिए जाने की मांग पर अड़ी हैं. कोर्ट ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर को तय की है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अगली तारीख पर पवन सिंह खुद कोर्ट के समक्ष पेश होते हैं या नहीं.
मैथिली ठाकुर के नाम पर ठगी ऐंठे 2.40 लाख, पुलिस ने ऐसे दबोचा
