21 नवंबर को बिहार आएंगे PM मोदी, ‘नीतीश सेतु’ का करेंगे उद्घाटन, सीएम सम्राट ने किया ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वे कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे. सीएम सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी के दौरे और पुल के उद्घाटन को लेकर बड़ा ऐलान किया है.

ADVERTISEMENT

Nitish Kumar News
Nitish Kumar News
Google CTA

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा ऐलान किया है. कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर किया जाएगा. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आएंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और बिहार को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे. बिहार सरकार ने इस पुल का नामकरण ‘नीतीश सेतु’ किया है.

19 किलोमीटर लंबी परियोजना, पटना से वैशाली का सफर होगा आसान

इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है. खासकर वैशाली, राघोपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी. गंगा नदी पर बने इस पुल से पटना से उत्तर बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को एक वैकल्पिक मार्ग भी मिलेगा.कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है. इस परियोजना की कुल लंबाई एप्रोच रोड सहित करीब 19.76 किलोमीटर बताई जा रही है. इसमें गंगा नदी पर बना मुख्य पुल करीब 9.76 किलोमीटर लंबा है. इस परियोजना पर लगभग 4,988 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. पुल के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क पहले से अधिक सुगम होगा. इसके अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों से पटना आने-जाने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिल सकता है. इस पुल से गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है.

NDA सरकार के एक साल पूरे होने के बाद PM का दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के मौके से भी जुड़ा है. 20 नवंबर 2025 को बिहार में एनडीए सरकार का गठन हुआ था. इसके एक दिन बाद यानी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचेंगे. दौरे को लेकर एनडीए के घटक दलों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. जेडीयू, बीजेपी, एलजेपी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय पर चर्चा की है.

बिहार को कई सौगात देंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री के इस दौरे में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन सबसे प्रमुख कार्यक्रम होगा. इसके साथ ही राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार को कई अन्य जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं की सौगात मिलने की भी उम्मीद है. अब सबकी नजरें 21 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी हैं.