'मजबूत बैल जब मारने लगे तो उसे नाथना पड़ता है...' प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता से की भाजपा को हराने की अपील
Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने भाजपा और सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने जनता से भाजपा को हराने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में नेताओं को हर पांच साल पर बदलना जरूरी है. जानिए पीके ने बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और विकास के मुद्दों को उठाते हुए क्या-कुछ कहा.
ADVERTISEMENT

Prashant Kishor
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी कड़ी में जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर की जनता को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने जनता से एक बड़ी अपील करते हुए कहा कि नेताओं को सुधारने का एकमात्र तरीका यही है कि उन्हें हर पांच साल में सत्ता से बेदखल किया जाए. उन्होंने बिहार के पिछड़ेपन और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार के 20 लाख से ज्यादा नौजवान आज तमिलनाडु जैसे राज्यों में जाकर फैक्ट्रियों में मजदूरी कर रहे हैं क्योंकि वहां रोजगार है और वहां की जनता ने बदलाव करके नई सरकार बनाई है, जबकि बिहार में लोग 25 साल से एक ही व्यवस्था को ढो रहे हैं.