Rise and Fall Season 2: शहजाद पूनावाला की जीत पर तेज प्रताप यादव ने उठाए सवाल, गौतम गुलाटी को बताया असली हकदार
रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन-2' में शहजाद पूनावाला की जीत के बाद तेज प्रताप यादव ने नतीजे पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने गौतम गुलाटी को शो का असली हकदार बताते हुए वोटों की चोरी और पक्षपात का आरोप लगाया है.
ADVERTISEMENT

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन-2' को अपना विजेता मिल गया है. शहजाद पूनावाला ने शो की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. इसके साथ ही उन्हें प्राइज मनी भी मिली है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रियंका चाहर चौधरी फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि गौतम गुलाटी को सेकंड रनर-अप के स्थान से संतोष करना पड़ा.
तेज प्रताप यादव ने नतीजे पर उठाए सवाल
शहजाद पूनावाला की जीत के बाद बिहार के नेता तेज प्रताप यादव ने इस पर नाराजगी जाहिर की है. शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इस शो का विजेता गौतम गुलाटी को होना चाहिए था. तेज प्रताप ने गौतम को जीत का असली हकदार बताते हुए शो के नतीजे पर सवाल खड़े किए.
'जनता के वोटों की चोरी कर ली गई'
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, "जीतना तो गौतम गुलाटी जी को ही था, जनता का प्यार और सपोर्ट भी पूरी तरह से उन्हीं के साथ था.. लेकिन अब क्या कहें… यहां भी जनता के वोटो की चोरी कर ली गई, अब तो रियलिटी शोज भी निष्पक्ष नहीं रहे!" तेज प्रताप ने अपने इस बयान के जरिए शो के नतीजे को लेकर निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि दर्शकों का समर्थन गौतम गुलाटी के साथ था, लेकिन इसके बावजूद ट्रॉफी शहजाद पूनावाला को दे दी गई.
'रियलिटी शो के नाम पर जनता से धोखा'
तेज प्रताप यादव ने अपनी पोस्ट में आगे शहजाद पूनावाला पर भी निशाना साधा. उन्होंने लिखा, "भाजपाइयों ने अपने पुराने मिट्ठू कटोरे-कटोर रहे शहजाद पूनावाला को चाटुकारिता का इनाम देने के लिए विनर बना दिया. असली हकदार गौतम गुलाटी थे, पर ट्रॉफी सौंप दी गई अपने चहेते को… रियलिटी शो के नाम पर जनता के वोटों और भावनाओं के साथ यह बहुत बड़ा धोखा है."इस तरह तेज प्रताप ने शहजाद की जीत को लेकर राजनीतिक टिप्पणी भी की और शो के मेकर्स पर अप्रत्यक्ष रूप से पक्षपात के आरोप लगाए. हालांकि, वोटिंग या नतीजों में गड़बड़ी को लेकर उनकी ओर से कोई ठोस सबूत साझा किए जाने की जानकारी नहीं है.
शो में तेज प्रताप और मनीष कश्यप भी आए थे नजर
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव खुद भी 'राइज एंड फॉल' का हिस्सा रह चुके हैं. शो में उनकी मौजूदगी और अंदाज को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा रही थी. बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप भी इस रियलिटी शो में शामिल हुए थे. अब शो का नतीजा आने के बाद तेज प्रताप की प्रतिक्रिया ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है.
अब शो के मेकर्स के जवाब का इंतजार
शहजाद पूनावाला की जीत पर तेज प्रताप यादव के सवालों के बाद अब सबकी नजर शो के मेकर्स की प्रतिक्रिया पर है. क्या मेकर्स वोटिंग प्रक्रिया और नतीजों को लेकर कोई सफाई देंगे, यह देखना होगा. फिलहाल तेज प्रताप के आरोपों पर उनकी ओर से किसी प्रतिक्रिया की जानकारी नहीं है.
