सोनिया गांधी ने अपनी किताब में नीतीश कुमार पर ऐसा क्या कह दिया? संजय झा भड़क गए !

सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' में नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन छोड़ने को लेकर की गई टिप्पणी पर JDU सांसद संजय झा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन बनाने की पहल नीतीश कुमार ने की थी और पहली बैठक पटना में हुई थी. संजय झा ने कांग्रेस पर निजी महत्वाकांक्षा और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया.

ADVERTISEMENT

sanjay jha and sonia gandhi news
sanjay jha and sonia gandhi news
Google CTA

सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है. किताब में नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन छोड़कर NDA में लौटने के घटनाक्रम पर की गई टिप्पणी के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कांग्रेस पर पलटवार किया है. JDU के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय झा ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि INDIA गठबंधन बनाने की पहल खुद नीतीश कुमार ने की थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि गठबंधन के नाम INDIA को लेकर भी कांग्रेस के नेताओं ने आपत्ति जताई थी.

सोनिया गांधी की टिप्पणी पर संजय झा का पलटवार

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि नीतीश कुमार INDIA गठबंधन से बाहर जाने का रास्ता तलाश रहे थे और वह बीजेपी के नियंत्रण में थे. इसी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कांग्रेस पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आजकल कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं की ओर से इस तरह की टिप्पणियां करने का चलन हो गया है. संजय झा ने मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी का भी जिक्र किया और सोनिया गांधी के नीतीश कुमार पर लिखे गए प्रसंग को भी इसी संदर्भ में रखा.

'INDIA नाम रखने के भी खिलाफ थे कांग्रेस के लोग'

संजय झा ने कहा कि INDIA गठबंधन के गठन के दौरान उसके नाम को लेकर भी चर्चा हुई थी. उन्होंने दावा किया कि बैठक में कुछ नेताओं ने INDIA नाम रखने पर आपत्ति जताई थी. संजय झा के मुताबिक, उन नेताओं का कहना था कि INDIA देश का नाम है. उन्होंने कहा, "INDIA गठबंधन जो बना, सो कॉल्ड, वह तो नाम के भी खिलाफ थे कि INDIA नाम क्यों रख रहे हो. हमको याद है आप लोग मीटिंग में बोले कि INDIA देश का नाम है. उसके भी खिलाफ वहां पर बोले हैं." संजय झा की इस टिप्पणी का इशारा गठबंधन की शुरुआती बैठकों में नाम को लेकर हुई चर्चा की तरफ था. हालांकि, उन्होंने अपने बयान में उन नेताओं के नाम स्पष्ट रूप से नहीं बताए, जिन्होंने कथित तौर पर इस नाम पर आपत्ति जताई थी.

नीतीश कुमार ने ही की थी गठबंधन बनाने की पहल: संजय झा

संजय झा ने सवाल उठाया कि जब INDIA गठबंधन बनाने की शुरुआत नीतीश कुमार ने की थी, तो उनके गठबंधन छोड़ने को लेकर इस तरह की टिप्पणी क्यों की जा रही है? उन्होंने याद दिलाया कि विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की पहल नीतीश कुमार ने की थी और गठबंधन की पहली बैठक पटना में आयोजित हुई थी. उनके मुताबिक, नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. ऐसे में उनके बारे में यह कहना कि वह गठबंधन से बाहर जाने का रास्ता तलाश रहे थे, उन्हें उचित नहीं लगता.

'गठबंधन में नई नीति नहीं, निजी महत्वाकांक्षा थी'

संजय झा ने INDIA गठबंधन के गठन के उद्देश्य पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन की बैठकों में देश के लिए कोई नई नीति या बदलाव का ठोस विजन दिखाई नहीं दिया. उनके मुताबिक, वहां निजी महत्वाकांक्षा और परिवार की राजनीति ही प्रमुख नजर आती थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं, जिनकी वजह से नीतीश कुमार को गठबंधन से अलग होने का फैसला लेना पड़ा.

नीतीश कुमार के सार्वजनिक जीवन का भी किया जिक्र

संजय झा ने नीतीश कुमार के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अपनी पहचान बनाई है. उनका सार्वजनिक जीवन पारदर्शी और ईमानदार रहा है. संजय झा ने कहा कि ऐसे व्यक्ति के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना किसी को भी अच्छा नहीं लगेगा. उन्होंने सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार को लेकर लिखी गई बातों पर अपनी नाराजगी जाहिर की.

2024 में NDA में लौट गए थे नीतीश कुमार

गौरतलब है कि नीतीश कुमार जनवरी 2024 में INDIA गठबंधन से अलग होकर फिर से NDA में शामिल हो गए थे. उनके इस फैसले से बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आया था. अब सोनिया गांधी की किताब में इस घटनाक्रम का जिक्र और संजय झा की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर उस राजनीतिक घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है. एक तरफ सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार के गठबंधन छोड़ने के पीछे की परिस्थितियों पर अपनी बात रखी है, वहीं दूसरी तरफ JDU उनके गठबंधन निर्माण में योगदान को सामने रखकर कांग्रेस से सवाल कर रही है.