टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: बेगूसराय के ऋतिक पर सस्पेंस, परिवार ने फोटो देखकर पहचानने से किया इनकार
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी का कनेक्शन बेगूसराय से मिलने पर सस्पेंस गहरा गया है. नाम और पता मैच होने के बावजूद परिजनों ने फोटो देखकर आरोपी को पहचानने से इनकार किया. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक के बिहार के बेगूसराय का निवासी होने की जानकारी सामने आई है. मुंबई पुलिस की ओर से जारी नाम और पते का मिलान बेगूसराय के एक परिवार से हो रहा है, लेकिन परिजनों ने गिरफ्तार आरोपी की तस्वीर देखकर उसे अपना बेटा मानने से इनकार कर दिया है. ऐसे में आरोपी की असली पहचान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, पिता रामू महतो, निवासी पीपड़ा बताया गया है. इस जानकारी के आधार पर बेगूसराय पुलिस ने रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में जाकर सत्यापन किया. यहां रामू महतो नाम के व्यक्ति मिले, जो नाश्ते और श्रृंगार की दुकान चलाते हैं. उनके बेटे का नाम भी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है और उसकी उम्र करीब 22 से 23 साल बताई जा रही है.
परिजनों के अनुसार, उनका बेटा मुंबई में रहता है. पिछले दो दिनों से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बता रहा है. नाम, पिता का नाम, उम्र और मुंबई में रहने जैसी जानकारियां गिरफ्तार आरोपी से मेल खाने के कारण परिवार की चिंता बढ़ गई है. हालांकि, परिजनों का कहना है कि मुंबई में गिरफ्तार युवक की तस्वीर उनके बेटे से मेल नहीं खाती.
मामा ने भी तस्वीर देखकर पहचानने से किया इनकार
सूचना मिलने के बाद ऋतिक के मामा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि उनका भांजा मुंबई में रहता है, लेकिन दिखाई गई तस्वीर से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है. परिवार अब इस बात को लेकर असमंजस में है कि मुंबई में गिरफ्तार व्यक्ति आखिर कौन है.
चार-पांच महीने पहले गांव आया था ऋतिक
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामू महतो मूल रूप से बदलपुर के रहने वाले हैं और पिपरा में दुकान चलाते हैं. ऋतिक करीब चार-पांच महीने पहले गांव आया था. वह मुंबई में रहकर क्या काम करता है, इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को नहीं है.
पुलिस सत्यापन के बाद ही साफ होगी पहचान
बेगूसराय के रतनपुर थाना की पुलिस रामू महतो की दुकान पर पहुंचकर मामले की जांच कर चुकी है. फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि मुंबई में गिरफ्तार आरोपी वही ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है, जो रामू महतो का बेटा है.
नाम, पिता का नाम, उम्र और पते से जुड़ी जानकारियां मेल खाने के बावजूद परिवार की ओर से पहचान से इनकार किए जाने के बाद मामले में सस्पेंस बना हुआ है. अब पुलिस की आगे की जांच और आधिकारिक पहचान सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मुंबई में गिरफ्तार आरोपी का बेगूसराय के इस परिवार से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं.
