Tiger Shroff Firing Case: पुलिस बता रही रैपिडो ड्राइवर, मां का दावा- मुंबई में कुकिंग करता था बेगूसराय का ऋतिक

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन का नाम सामने आने के बाद उसके कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं. कोटा पुलिस के शुरुआती बयान में उसे रैपिडो राइडर बताया गया, जबकि मां का कहना है कि बेटा मुंबई में कुकिंग का काम करता था.

ADVERTISEMENT

Tiger Shroff Firing Case
Tiger Shroff Firing Case
Google CTA

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग के मामले में बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस मामले में एक तरफ कोटा पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ऋतिक के रैपिडो राइडर होने की बात सामने आई है, तो दूसरी तरफ उसकी मां का दावा है कि उनका बेटा मुंबई में कुकिंग का काम करता था. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर ऋतिक क्या काम करता था और उसकी भूमिका इस मामले में क्या थी?फिलहाल, इस मामले में ऋतिक की भूमिका को लेकर जांच जारी है. पुलिस की शुरुआती जानकारी और परिवार के बयान में अंतर सामने आया है.


कोटा स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया

जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच के दौरान राजस्थान की कोटा पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था. इनमें दो हरियाणा के बताए गए, जबकि तीसरे की पहचान बेगूसराय निवासी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, पिता रामू महतो के रूप में बताई गई. कोटा पुलिस की एसपी तेजस्वी गौतम समेत अन्य अधिकारियों ने संदिग्धों से पूछताछ की. इसी पूछताछ के दौरान एक आरोपी के रैपिडो राइडर होने की बात सामने आई. हालांकि, पुलिस के बयान के अनुसार यह शुरुआती पूछताछ में मिली जानकारी थी और आगे की विस्तृत पूछताछ से और तथ्य स्पष्ट होने की बात कही गई. इस मामले में ऋतिक की भूमिका की जांच अभी जारी है. 

कोटा पुलिस ने क्या बताया?

मीडिया से बातचीत के दौरान कोटा पुलिस अधिकारी ने कहा कि शुरुआती पूछताछ में तीनों संदिग्धों की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी मिली है. अधिकारी के मुताबिक, एक आरोपी रैपिडो राइडर है, जबकि अन्य दो के बारे में बताया गया कि वे सोनीपत में मजदूरी करते हैं. एक आरोपी के नाबालिग होने की बात भी कही गई. पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संदिग्धों के दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की योजना की बात भी सामने आई थी. पूछताछ में पैसे के लिए फायरिंग किए जाने की आशंका जताई गई. 


परिजनों ने बताई अलग कहानी

मामले का बिहार कनेक्शन सामने आने के बाद बिहार तक की टीम बेगूसराय में ऋतिक के घर पहुंची. यहां परिजनों ने उसे पहचानने से इनकार किया और उसके कामकाज को लेकर अलग जानकारी दी. परिवार का कहना है कि ऋतिक मुंबई में कुकिंग का काम करता था. ऋतिक की मां ने भावुक होकर कहा कि उनका बेटा शरीफ है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उसने किसी के बहकावे में आकर कुछ किया है, तो कानून अपना काम करे और पुलिस मामले की पुष्टि करे. परिजनों के मुताबिक, ऋतिक करीब एक महीने पहले घर आया था. उसकी मां ने बताया कि उनकी उससे आखिरी बातचीत घटना से कुछ समय पहले हुई थी. 

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में क्या हुआ था?

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी दी गई. मामले की जांच के दौरान कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने के बाद बिहार के बेगूसराय का नाम भी चर्चा में आया. सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी सामने आया है.