नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 11 नामजद और 150 अज्ञात RJD कार्यकर्ताओं पर FIR, तीन गिरफ्तार
वैशाली के नीतीश सेतु पर उद्घाटन के बाद पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी के पोस्टर फाड़ने के मामले में राघोपुर BDO की शिकायत पर रुस्तमपुर थाने में FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT

बिहार के वैशाली जिले में नवनिर्मित 'नीतीश सेतु' के उद्घाटन के तुरंत बाद हुए हंगामे और पोस्टर-बैनर फाड़ने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इस प्रकरण में पुलिस ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के 11 नामजद कार्यकर्ताओं सहित 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है. वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
राघोपुर BDO की शिकायत पर रुस्तमपुर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
यह पूरी कानूनी कार्रवाई वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र अंतर्गत रुस्तमपुर थाने में की गई है. दरअसल, नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह के मद्देनजर पुल और आसपास के इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पोस्टर-बैनर लगाए गए थे. शनिवार को पुल के उद्घाटन के बाद जैसे ही इसे आम जनता के लिए खोला गया, आरजेडी कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर बवाल शुरू कर दिया. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ने रुस्तमपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर 11 नामजद और सैकड़ों अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पीएम मोदी के रवाना होते ही पुल पर हुआ था जमकर बवाल
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करने पहुंचे थे. पीएम मोदी और अन्य अतिथियों के रवाना होने के बाद जब पुल पर आवागमन शुरू हुआ, तो आरजेडी कार्यकर्ताओं ने वहां धावा बोल दिया. प्रदर्शनकारियों ने 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' और 'लालू यादव जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी के पोस्टर-बैनर फाड़ डाले. इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने पुल पर अपनी पार्टी के झंडे लहराए और बीजेपी के झंडों को पैरों तले कुचला.
वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश तेज
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद कार्यकर्ताओं को हंगामा करते देखा गया. मामले की जानकारी देते हुए हाजीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) विशाल कुमार ने पुष्टि की कि राघोपुर BDO की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि इस उपद्रव में शामिल शेष अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.
बारिश के बीच अनंत सिंह ने साफ की स्थिति, तय समय पर ही होगी घोड़ा रेस, विजेता को मिलेगी थार गाड़ी
